स्कूल वैन की PRTC बस के साथ भीषण टक्कर, कई बच्चों की हालत नाजुक

punjabkesari.in Monday, Sep 14, 2026 - 11:34 AM (IST)

मानसा: मानसा जिले के बरेटा में सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। यहां एक स्कूल वैन की पीआरटीसी बस से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में वैन चालक समेत कई बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक, स्कूल वैन में सवार बच्चे स्कूल जा रहे थे। इसी दौरान मानसा से हरियाणा के जाखल जा रही पीआरटीसी बस के साथ वैन की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूल वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में वैन में सवार कई बच्चे घायल हुए हैं। इनमें से कुछ बच्चों को गंभीर चोटें लगी हैं, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कुछ घायल बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं, वैन चालक की एक टांग टूटने की भी जानकारी सामने आई है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पीआरटीसी बस के आगे एक बाइक सवार मोबाइल पर बात करते हुए जा रहा था। उसे बचाने के प्रयास में बस चालक ने अचानक ब्रेक लगा दी। इसी दौरान पीछे से आ रही स्कूल वैन बस से टकरा गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। बरेटा थाना प्रभारी गणेश्वर शर्मा ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News