BCA छात्र ने किया Suicide, बंद कमरे में फंदे से लटका मिला शव
punjabkesari.in Monday, May 18, 2026 - 07:04 PM (IST)
कोटकपूरा (नरिन्द्र): शहर के नए बस स्टैंड के पास एक किराए के मकान में रह रहे 22 वर्षीय कॉलेज छात्र द्वारा फंदा लगाकर आत्महत्या करने का अत्यंत दुखद मामला सामने आया है। मृतक की पहचान निपुन (पुत्र राजेश कुमार) निवासी आदर्श नगर, फाजिल्का के रूप में हुई है। वह कोटकपूरा के शहीद भगत सिंह सरकारी कॉलेज में बी.सी.ए प्रथम वर्ष का छात्र था और पिछले करीब चार महीनों से यहां किराए पर रह रहा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना वाले दिन निपुन का कॉलेज में पेपर था। सुबह जब उसके परिवार वालों ने उसे फोन किया, तो कोई जवाब नहीं मिला। अनहोनी की आशंका होने पर परिजनों ने मकान मालिक जतिंदर सिंह से संपर्क किया। मकान मालिक ने जब ऊपर जाकर देखा तो निपुन का कमरा अंदर से बंद था। काफी आवाज देने और दरवाजा खटखटाने पर भी जब कोई हलचल नहीं हुई, तो तुरंत इसकी सूचना थाना सिटी पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही ए.एस.आई. दलजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस पार्टी मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में कमरा खोला और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुरु गोबिंद सिंह मैडीकल कॉलेज व अस्पताल, फरीदकोट भेज दिया। ए.एस.आई. दलजीत सिंह ने बताया कि फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

