AAP विधायक की तरफ से 60 लाख रुपए के घोटाले का पर्दाफाश, जानें क्या है पूरा मामला

punjabkesari.in Saturday, Dec 02, 2023 - 11:15 AM (IST)

खन्ना : खन्ना के बी.डी.पी.ओ. आफिस में 60 लाख रुपए की हेराफेरी सामने आई है। इस संबंध में खन्ना के विधायक तरुणप्रीत सौंध और ब्लाक समिति के चेयरमैन सतनाम सिंह सोनी द्वारा आज एक प्रैस कान्फ्रैंस कर जानकारी दी गई।

विधायक सौंध ने बताया कि उन्हें कई महीनों से जानकारी मिली रही थी कि बी.डी.पी.ओ. आफिस में घपला हो रहा है, जिसकी जानकारी उन्होंने चेयरमैन सतनाम सिंह सोनी को दी। शुक्रवार दोपहर 2 बजे उन्होंने बी.डी.पी.ओ. आफिस में दस्तक दी और चेयरमैन सोनी को साथ लेकर रिकार्ड खंगाला तो पाया कि खन्ना बी.डी.पी.ओ. आफिस का एक ई.ओ.पी.एस. (एग्जीक्यूटिव आफिसर पंचायत समिति) खाता एच.डी.एफ.सी. अमलोह और 2 खाते खन्ना में जुलाई और अक्तूबर महीने में खोले गए थे।

इन खातों में गांवों की पंचायत जमीन से होने वाली आय जमा करवाई जाती है और इस आय से पंचायत सचिव का वेतन, ठेके पर रखे गए कर्मचारियों का वेतन और चेयरमैन की कार के खर्चे किए जाते हैं। इन खातों में गांव नसराली की आय से 40 लाख रुपए और गांव बुल्लेपुर की आए से 20 लाख रुपए जमा करवाया गया और उसमें से कुछ बेनामी फर्मों को अदायगी की गई जिसका बी.डी.पी.ओ. आफिस में कोई रिकार्ड नहीं रखा गया। सौंध ने बताया कि इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी एस.डी.एम. खन्ना, जिलाधीश लुधियाना और विभाग के मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर को दे दी गई है, जिसकी आगे गहन छानबीन की जाएगी और एक-एक सरकारी रुपया वापस लेकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Content Writer

Vatika