2027 चुनाव से पहले ''वारिस पंजाब दे'' ने शुरू की सियासी तैयारी, रजिस्ट्रेशन के लिए उठाएगी यह कदम

punjabkesari.in Tuesday, Nov 24, 2026 - 04:49 PM (IST)

पंजाब डैस्क : पंजाब में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले अकाली दल (वारिस पंजाब दे) ने अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं। पार्टी अब संगठन के विस्तार के साथ अपनी अलग चुनावी पहचान बनाने की तैयारी में जुट गई है। इसी कड़ी में पार्टी ने रजिस्ट्रेशन का मामला सुप्रीम कोर्ट तक ले जाने का फैसला किया है। साथ ही चुनाव आयोग के समक्ष भी अपना पक्ष रखा जाएगा।

चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान वरिष्ठ नेता मनप्रीत सिंह अयाली ने कहा कि पार्टी को रजिस्ट्रेशन देने में बाधाएं खड़ी की जा रही हैं। उन्होंने केंद्र और पंजाब सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि दोनों सरकारें पार्टी से डरी हुई हैं। अयाली ने साफ किया कि पार्टी अपनी अलग पहचान के साथ चुनाव लड़ना चाहती है और इसके लिए कानूनी लड़ाई जारी रखेगी।
 
प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब नेताओं से पूछा गया कि यदि पार्टी को अपना चुनाव चिन्ह नहीं मिलता तो क्या वह बसपा के साथ गठबंधन करके उसके चुनाव चिन्ह पर चुनाव लड़ेगी, तो अयाली ने इससे इनकार किया। उन्होंने कहा कि पार्टी सभी उम्मीदवारों को एक ही चुनाव चिन्ह पर चुनाव लड़ाना चाहती है। किसी अन्य दल के चुनाव चिन्ह को अपनाना मंजूर नहीं होगा। आजाद चुनाव लड़ना पार्टी के लिए आखिरी विकल्प रहेगा।
 
पार्टी ने संगठन को मजबूत करने के लिए मोबाइल ऐप लॉन्च करने के साथ हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है। इसके माध्यम से लोग पार्टी की सदस्यता ले सकेंगे और अपने सुझाव भी दे पाएंगे। इस मौके पर अमृतपाल सिंह के पिता तरसेम सिंह और सांसद सरबजीत सिंह खालसा भी उपस्थित रहे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News