जीत कर भी भगवंत का कम हुआ ‘मान’

punjabkesari.in Monday, May 27, 2019 - 10:32 PM (IST)

शाहकोट(अरुण): प्रसिद्ध पंजाबी गीत ‘तेरे यार नूं दब्बन नूं फिरदे सी पर दब्बदा कित्थे आ...’ पर अपना चुनाव प्रचार करके संगरूर से जीत हासिल करने वाले भगवंत मान के लिए आने वाला समय खतरे भरा कहा जा सकता है वह इसलिए क्योंकि संगरूर लोकसभा सीट जीत लेने के बावजूद लोकसभा हलके में भगवंत मान के पक्ष में लाखों लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल ही नहीं किया। यह वही लाखों लोग हैं जिन्होंने 2014 में भगवंत मान के पक्ष में पोलिंग की थी।

आपको बता दें कि भगवंत मान को इस बार कुल 4,12,201 वोट हासिल हुए हैं, जबकि यह आंकड़ा साल 2014 में 5,33,237 पर था। इस तरह भगवंत मान को इस बार कुल 1,21,036 वोटों की कमी आई है। यही पर बस नहीं 2014 में भगवंत मान ने अपने विरोधी उम्मीदवार शिरोमणि अकाली दल के सुखदेव सिंह ढींडसा को 2,11,721 वोटों के अंतर से हराया था। दूसरी ओर इस बार मान ने 1,10,211 वोटों के अंतर से ही अपने विरोधी उम्मीदवार कांग्रेस के केवल सिंह ढिल्लों को शिकस्त दी है। 

इस प्रकार भगवंत मान की इस बार की और 2014 की जीत में 1,01,510 वोटों का अंतर है, जिससे यह बात तो स्पष्ट है कि इस बार विजयी रहे भगवंत मान से 1-2 नहीं बल्कि एक लाख से भी ज्यादा वोटरों ने मुंह फेर लिया है। भगवंत मान को संगरूर सीट के माध्यम से देश में आम आदमी पार्टी का अक्स कायम रखने के लिए लोगों के अंदर कम होती जा पापुलैरिटी और अपने साफ-सुथरे अक्स को फिर से पैदा करना होगा नहीं तो आने वाले समय में यही आंकड़े भगवंत मान के लिए किसी खतरे से कम नहीं होंगे।

Vaneet