फौज विरोधी शर्मनाक बयान पर भगवंत मान ने घेरा सुखपाल खैहरा, जानें क्या कहा

punjabkesari.in Saturday, Feb 16, 2019 - 05:36 PM (IST)

मोगा: पंजाबी एकता पार्टी के अध्यक्ष सुखपाल खैहरा की तरफ से फौज पर दिए गए शर्मनाक  बयान का आम आदमी पार्टी पंजाब इकाई के अध्यक्ष भगवंत मान ने तीखा हमला बोला है। भगवंत मान ने सुखपाल खैहरा के बयान को एक शर्मनाक बयान बताया है। 

भगवंत मान ने कहा कि आज इस संकट की घड़ी में जब पूरा देश धर्म, जात और सियासत से उपर उठकर फौज और सरकार के साथ खड़ा है, वहीं सुखपाल खैहरा का यह कहना है कि फौज के जवानों की तरफ से जम्मू-कश्मीर में बलात्कार के मामले तथा मानव अधिकारों का उल्लंघन करने वाला बयान देना अति निंदनीय है। भगवंत मान ने कहा कि फौज पर ऐसी घटिया बयानबाजी के लिए सुखपाल खैहरा को देश और फौज से माफी मांगनी चाहिए। आगे बोलते हुए भगवंत मान ने कहा कि हम विरोधी पक्ष होकर भी आज इस दुख की घड़ी में फौजी परिवारों और सरकार के साथ खड़े हैं जबकि दूसरी तरह सुखपाल खैहरा जैसे व्यक्तियों के पीछे पता नहीं कौन सी ताकतें काम कर रही हैं जिनकी तरफ से ऐसे बयान दिए जा रहे हैं।


बता दें कि सुखपाल खैहरा ने शनिवार को अपने फेसबुक पेज पर लाइव होकर कहा कि ताड़ी एक हाथ से कभी नहीं बजती। जम्मू-कश्मीर में अगर आतंकियों के हमले में सी.आर.पी.एफ. के जवान शहीद हुए है तो भारतीय सेना के जवान भी वहां लोगों के मानव अधिकारों का उल्लंघन भी करते है। बल्कि महिलाओं से रेप भी करते है। कश्मीर में सेना, अद्र्ध सेना बलों के अलावा अन्य एजैंसियां भी है, जिनके अधिकारी वहां लोगों पर ज्यादतियां करते है। खैहरा के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर उनका तीखा विरोध हो रहा है। 

 

Vaneet