Bhagwant Mann Marriage: शादी के अगले दिन CM हाऊस में दिनभर फूटे हंसी-मजाक के फव्वारे (देखें तस्वीरें)

punjabkesari.in Saturday, Jul 09, 2022 - 11:15 AM (IST)

चंडीगढ़/जालंधर (अश्वनी, धवन): डा. गुरप्रीत कौर से विवाह बंधन में बंधने के बाद पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दूसरे दिन अपने मंत्रिमंडल के साथियों को चाय पर सी.एम. हाऊस में बुलाया। इस अवसर पर भगवंत मान व उनकी पत्नी डा. गुरप्रीत कौर को  सभी मंत्रियों ने विवाह की शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विवाह समारोह में मुख्यमंत्री ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल व उनके पारिवारिक सदस्यों, राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा तथा कुछ अन्य सदस्यों को भी आमंत्रित किया था। पंजाब के मंत्रियों को  मुख्यमंत्री ने चाय पर बुलाया था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब में अब शादी-ब्याह दिखावा बनते जा रहे हैं जबकि पहले पंजाब में बेहद सादा तरीके से विवाह समारोह होते थे। सी.एम. हाऊस पहुंचने वाले मंत्रियों में कुलदीप सिंह धालीवाल, अमन अरोड़ा, हरपाल सिंह चीमा, ब्रह्मशंकर जिम्पा, लाल चंद कटारूचक्क, अनमोल गगन मान व अन्य मंत्री शामिल थे। मुख्यमंत्री व उनकी पत्नी के साथ इन मंत्रियों ने सिर्फ पारिवारिक मुद्दों पर ही बातचीत की।मुख्यमंत्री ने कैबिनेट के अपने सहयोगियों में कुंवारे मंत्रियों को लेकर भी हंसी-मजाक किया कि उन्हें भी जल्द शादी करवा लेनी चाहिए। पंजाब कैबिनेट में कई कुंवारे मंत्री हैं। इनमें गुरमीत सिंह मीत हेयर, हरजोत बैंस, अनमोल गगन मान की शादी को लेकर सबने हल्के फुल्के अंदाज में हंसी-मजाक किया।सी.एम. ने चाय पर पहुंचे सभी मंत्रियों को लड्डुओं के डिब्बे भेंट किए। चाय पार्टी से बाहर आने के बाद कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री के साथ बैठक के दौरान राजनीतिक विषयों पर कोई चर्चा नहीं हुई। बैठक में केवल मुख्यमंत्री को विवाह की शुभकामनाएं दी गई हैं और हमने लड्डू खाए।

सी.एम. हाऊस में दिनभर फूटे हंसी-मजाक के फव्वारे
मुख्यमंत्री भगवंत मान के  डा. गुरप्रीत कौर से हुए विवाह के बाद  सी.एम. हाऊस में सारा दिन हंसी के फव्वारे फूटते रहे। सी.एम. भगवंत मान को बधाइयां देने वालों का तांता लगा रहा। जहां एक ओर पंजाब के मंत्री बधाइयां देने के लिए पहुंचे हुए थे तो दूसरी तरफ देश-विदेश से भी उन्हें बधाइयों के फोन आ रहे थे। इस दौरान सी.एम. के साथ उनकी मां तथा बहन भी मौजूद रहीं। भगवंत मान व डा. गुरप्रीत कौर को बधाइयां देने के लिए पंजाब के वरिष्ठ पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी भी पीछे नहीं रहे। कुल मिलाकर आज मुख्यमंत्री को उन सभी ने बधाइयां दीं जो विवाह समारोह में सम्मिलित नहीं हुए थे।

Content Writer

Vatika