कैप्टन भी चल रहे बादलों के नक्शेकदम पर: मान

punjabkesari.in Wednesday, Jan 30, 2019 - 07:33 PM (IST)

चंडीगढ़ः पंजाब आम आदमी पार्टी (आप) के सांसद भगवंत मान ने प्रदेश अध्यक्ष पद की कमान संभालते समय पार्टी की मजबूती का वास्ता देते हुए आज कहा कि जिन बादलों ने नशा कारोबारियों के साथ मिलकर राज्य की जवानी तबाह कर दी उन्हीं का अनुसरण अब मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंद्र सिंह कर रहे हैं। मान ने यहां दिल्ली के उप मुख्यमंत्री एवं पंजाब मामलों के प्रभारी मनीष सिसोदिया तथा पार्टी की कोर कमेटी पंजाब के सदस्यों की उपस्थिति में पार्टी अध्यक्ष पद पद संभाल लिया। इस मौके पार्टी विधायक, जोन प्रधान, जिला प्रधान, हलका प्रधान और अन्य नेता बड़ी संख्या में उपस्थित हुए।  

लगाया यह गंभीर आरोप
उन्होंने पार्टीजनों को भरोसा दिलाया कि वो पार्टी की मजबूती के लिए खूब मेहनत करेंगे तथा नेताओं और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलेंगे। उन्होंने बादलों और कैप्टन पर एक दूसरे के साथ मिले होने का आरोप भी लगाया। मान ने कहा कि मुख्यमंत्री अपने चुनावी वायदों से मुकर चुके हैं। खुद कांग्रेसी विधायक उनसे बादलों और नशे के सौदागरों के विरुद्ध कार्रवाई करने की फरियाद कर रहे हैं ताकि वे (कांग्रेसी) गांवों में जाकर लोगों का सामना करने लायक हो सकें।  



मजीठिया पर की ये खास टिप्पणी
आप प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि लोग आप पार्टी की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रहे हैं। वे दिल्ली में अरविंद केजरीवाल सरकार के माडल को पंजाब के गांव-गांव व घर-घर तक लेकर जाएंगे। वह पार्टी को टीम के रूप में आगे बढ़ाएंगे। मान ने बताया कि उन्होंने माफी के मुद्दे पर केजरीवाल के साथ बैठक के दौरान सभी संदेह दूर कर लिए हैं। केजरीवाल ने माफी सिर्फ बिक्रम मजीठिया से नहीं बल्कि 34 के करीब मामलों से मांगी है। उन्होंने (केजरीवाल)राजनीतिक कूटनीति के अंतर्गत मजीठिया से माफी जरूर मांगी लेकिन मजीठिया को क्लीनचिट्ट नहीं दी। उनके अनुसार मजीठिया के खिलाफ पंजाब पार्टी की तरफ से नशों के मुद्दे पर तब तक मोर्चा खुला रखने की चुनौती दी जब तक नशों पर जीत नहीं हासिल कर लेते। पार्टी नशे के मामले में अपना संघर्ष जारी रखेगी।  



मरते दम तक पार्टी पंजाब के हितों की लड़ाई रखेगी जारी
उन्होंने कहा कि वह अभी भी कहते हैं कि मजीठिया नशे का सौदागर है। अकाली-भाजपा और कांग्रेस ने पंजाब के दरियाई पानियों पर हमेशा राजनीतिक लाभ लेने की तो कोशिश की लेकिन इस मामले के हल के लिए जरुरी कदम कभी नहीं उठाए। कई-कई बार अकाली-भाजपा और कभी कांग्रेस की सरकारें पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और केंद्र में रही हैं। पार्टी पंजाब के हितों की लड़ाई मरते दम तक जारी रखेगी।

लालची लोगों के लिए पार्टी में कोई जगह नहींः सिसोदिया
इस मौके पर सिसोदिया ने कहा कि आम आदमी पार्टी जन हित के लिए लड़े गए आंदोलन से निकली हुई पार्टी है,लेकिन बहुत से लोग पार्टी में बड़ा पद पाने के लालच में घुस आए थे। वह फिर स्पष्ट करते हैं कि यदि किसी को पद के साथ प्यार है तो वह जितनी जल्दी हो सके पार्टी छोड़ दे, क्योंकि पार्टी में ऐसे लालची लोगों के लिए कोई जगह नहीं है।

Mohit