(Video): अकाली दल की डेरा सच्चा सौदा से सांठगांठ उजागर: जाखड़

punjabkesari.in Friday, Mar 15, 2019 - 05:00 PM (IST)

जालंधरः पंजाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सांसद सुनील जाखड़ ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि लोकसभा चुनाव में मतों के लिए शिरोमणि अकाली दल (शिअद) डेरा सच्चा सौदा के साथ सांठगांठ कर रहा है। जाखड़ ने आज यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि खडूर साहिब से शिअद की लोकसभा उम्मीदवार बीबी जगीर कौर के बयान से स्पष्ट होता है कि अकाली दल वोटों के लिए डेरा सच्चा सौदा के साथ सांठगांठ कर सिख समुदाय की भावनाओं के साथ खिलवाड़ कर रही है।

उन्होंने कहा कि जगीर कौर ने कहा था कि डेरा सच्चा सौदा के साथ चुनावी गठबंधन करने का काम सुखबीर सिंह बादल करेंगे।  यह बहुत ही हैरान कर देने वाला और शिअद नेताओं की मानसिकता को दर्शाने वाला बयान है। वोट के लिए अकाली दल लोगों के साथ धोखा कर रहा है।  जाखड़ ने कहा अकाली दल-भाजपा गठबंधन सरकार के शासनकाल में राज्य में घटित श्री गुरू ग्रंथ साहिब की बेअदबी के मामलों में डेरा सच्चा सौदा का हाथ पाया गया है। इस दौरान डेरा प्रमुख राम रहीम सिंह की फिल्म ओ.एम.जी. को भी इन्होंने (शिअद) पंजाब में जारी करवाया, सिख पंथ से निष्कासित किए गए राम रहीम सिंह को श्री अकाल तख्त से माफी दिलवाई। अकाली दल द्वारा डेरा के साथ सांठगांठ करना सिखों के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा है।  

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पंजाब में धार्मिक ग्रंथ की बेअदबी के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान पुलिस की कथित गोलीबारी की घटना की तहकीकात करने के लिए गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने पुलिस महानिरीक्षक परमराज सिंह उमरानांगल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चरनजीत सिंह शर्मा को गिरफ्तार किया। लेकिन अकाली दल एस.आई.टी. और न्यायधीश (सेवानिवृत) रणजीत सिंह आयोग पर भी अंगुली उठा रहा है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल खुद को गिरफ्तारी के लिए पेश कर रहे जो गलत है। उन्होंने कहा कि किसी निर्दोष को नहीं पकड़ा जाएगा। अगर बादल दोषी हैं तो उन्हें एस.आई.टी. का भी सामना करने के लिए तैयार रहना चाहिए। जाखड़ ने कहा कि सुखवीर डेरा के साथ अपने संबंधों को स्पष्ट करें। आम चुनाव में कांग्रेस डेरा सच्चा सौदा के साथ कोई संपर्क नहीं करेगी।   राज्य में कांग्रेस सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने राज्य में कानून व्यवस्था और शांति स्थापित की है। उन्होंने कहा कि सरकार ने किसानों के कृषि कर्ज माफ किए, वृद्धावस्था पेंशन को बढ़ाकर 750 रुपये किया और राज्य में 31 हजार किलोमीटर लंबी सड़कों का निर्माण चल रहा है। साथ ही जाखड़ ने कहा कि अगले 3 वर्षों में राज्य में अभूतपूर्व विकास होगा। 

Vatika