पंजाब के लोगों को एक और  तोहफा, आयुष्मान सेहत बीमा योजना तहत हुआ यह बड़ा ऐलान

punjabkesari.in Wednesday, Nov 15, 2023 - 12:24 PM (IST)

मोगा : पंजाब के सेहत व परिवार भलाई विभाग के कैबिनेट मंत्री डा. बलवीर सिंह ने राज्य निवासियों को तोहफा देते घोषणा की कि आयुष्मान भारत मुख्यमंत्री सेहत बीमा योजना का दायरा और विशाल करते 1 करोड़ 60 लाख योग्य लाभार्थियों के कार्ड बनाए जाएंगे। उक्त विचार सेहत मंत्री डा. बलवीर सिंह ने सिविल अस्पताल मोगा में बच्चों में दिल के गंभीर रोगों का पता लगाने के लिए स्थापित की गई पैडरीएट्रिक ईको कारडियोग्राफी मशीन का शुभारंभ करने दौरान प्रकट किए। सेहत मंत्री डा. बलवीर सिंह ने कहा कि आयुषमान भारत सेहत बीमा योजना के तहत भारत सरकार द्वारा सिर्फ 16 लाख लाभार्थियों के लिए ही फंडिंग की जाती है जबकि पंजाब सरकार द्वारा 70 लाख लोगों के कार्ड बनाए गए हैं तथा अब तक 44 लाख लोगों को लाभ दिया गया है।

उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा इस योजना के तहत 1.60 करोड़ लोगों को कवर करने का लक्ष्य है। बकाया 90 लाख लोगों के कार्ड भी जल्द बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अब तक 95 प्रतिशत लोगों का मुफ्त इलाज किया जा चुका है। सरकारी सेहत संस्थाओं में डाक्टरों की कमी बारे पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि अगले एक वर्ष में सारे सरकारी अस्पतालों में माहिर डाक्टरों की कमी पूरी कर दी जाएगी। अब तक 272 माहिर डाक्टरों की भर्ती की जा चुकी है। मैडिकल अस्पतालों में डाक्टरों की भर्ती भी कर दी गई है। जबकि 350 और डाक्टरों व 1800 पैरा मैडिकल स्टाफ की भर्ती की प्रक्रिया भी शुरू की जा चुकी है। 

उन्होंने कहा कि पिछले 20 वर्षों दौरान सेहत संस्थाओं में डाक्टरों की भर्ती बारे कोई भी प्रयास नहीं किया गया। जिस कारण विभाग में डाक्टरों की कमी आ रही है। उन्होंने कहा कि डाक्टरों को विभाग से जोड़कर रखने के लिए उनको योग्य वेतन देने के साथ-साथ काम करने के लिए उचित माहौल मुहैया करवाया जा रहा है। पैडरीएट्रिक ईको कारडियोग्राफी मशीन बारे जानकारी देते उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने चाइल्ड केयर फाउंडेशन तथा एन.बी.सी. के सहयोग से राज्य के सारे बड़े सरकारी अअस्पतालों में पैडरीएट्रिक ईको कारडीयोग्राफी मशीनें स्थापित करने का फैसला किया है। इसकी शुरूआत जिला मोगा के सिविल अस्पताल से की गई है। 

उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा बच्चों की दिल की रोगों की बीमारियों का मुफ्त इलाज किया जाता है। लेकिन इस बारे डायगनोज करने की सुविधा कम थी। इस कमी को पूरा करने के लिए ही यह मशीनें लगाई जा रही है। इस सुविधा के तहत प्रत्येक अस्पताल में 10 बैड के आई.सी.यू स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने अस्पतालों की बुनियादी सुविधा को पूरा करने के लिए 550 करोड़ रुपए सेहत विभाग को दिए हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी सेहत संस्थाओं प्रति लोगों का विश्वालस लगातार बढ़ रहा है। राज्य में अब तक 664 आम आदमी क्लीनिक सुविधा पूर्वक चल रहे हैं। जल्द ही 125 नए क्लीनिक लोगों को समर्पित कर दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा शुरू की गई योगशाला को भी आम लोगों द्वारा भरपूर सहयोग दिया जा रहा है। मौजूदा समय 1 हजार कक्षाएं लग रही है, जल्द ही इन कक्षाओं की गिनती 2 हजार की जा रही है। इस मौके पर हलका मोगा की विधायक डा. अमनदीप कौर अरोड़ा, मेयर बलजीत सिंह चानी, एस.डी.एम. सारंगप्रीत सिंह औंजला, नगर सुधार ट्रस्ट के चेयरमैन दीपक अरोड़ा, मार्केट कमेटी के चेयरमैन हरजिंदर सिंह रोडे, एस.एम.ओ. डा. सुखप्रीत सिंह बराड़ व अन्य उपस्थित थे।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here

अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

News Editor

Urmila