Big Breaking: पंजाब के इस ज़िले में पुलिस और किसानों के बीच हुई ज़बरदस्त झड़प!

punjabkesari.in Monday, Aug 21, 2023 - 05:57 PM (IST)

पंजाब डेस्क: संगरूर के गांव लोंगोवाल से बेहद अहम खबर सामने आई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार लोंगोवाल में ज़बरदस्त हंगामा होने का मामला सामने आया है। बता दें कि पुलिस और प्रदर्शनकारी किसानों में हिंसक झड़प हुई है। इस झड़प के दौरान कई किसान और पुलिस कर्मी ज़ख्मी हो गए हैं। वहीं इस दौरान एक बुज़ुर्ग किसान प्रीतम सिंह का पैर टूट गया जिसके बाद उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। इस झड़प में इंस्पेक्टर दीपइंदर जैजी भी बुरी तरह से घायल हुए हैं। उल्लेखनीय है कि करीब दो दिनों पहले किसानों और पंजाब सरकार के मध्य एक बैठक हुई थी जिस दौरान पंजाब सरकार के किसी बड़े अधिकारी ने कहा था कि सरकार द्वारा बाढ़ पीड़ितों की पूरी सहायता की जा रही है लेकिन ज़्यादा मदद के लिए केंद्र सरकार की सहायता चाहिए।

इसके बाद बेनतीजा रही इस मीटिंग के बाद किसान बाढ़ पीड़ितों की मदद तथा अलग-अलग मांगों को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करने के लिए ट्रैक्टरों और अन्य वाहनों में सवार होकर चंडीगढ़ की ओर रवाना हो रहे थे जिस दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई और प्रदर्शनकारी व पुलिस कर्मी आमने-सामने हो गए। दरअसल, किसान यूनियन एकता आज़ाद के मौजूदा प्रधान जसविंदर सिंह लोंगोवाल ने पहले ही सोशल मीडिया पर जानकारी दे दी थी कि वे प्रदर्शन के लिए चंडीगढ़ की तरफ रवाना होंगे जिसके बाद पुलिस ने उन्हें नज़रबंद कर दिया।

जब इसके बारे में अन्य किसान आगुओं को पता चला तो उन्होंने इसका जम कर विरोध किया। चंडीगढ़ जाते समय किसानों को भारी पुलिस बल द्वारा रोकने की कोशिश की गई जिस दौरान हालात इतने तनावपूर्ण हो गए कि इस दौरान दोनों पक्षों के बीच ज़बरदस्त झड़प हो गई और कई पुलिस कर्मी तथा किसान औरतें व किसान आगु बुरी तरह से ज़ख्मी हो गए। इस दौरान पुलिस ने कई किसान आगु भी हिरासत में ले लिए। वहीं इस बारे में किसानों ने कहा कि जब तक किसानों को नहीं छोड़ा जाएगा तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा और किसानों ने पुलिस के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की है। वहीं अब लोंगोवाल पुलिस स्टेशन के सामने बड़ी तादाद में औरतों सहित किसानों द्वारा धरना दिया जा रहा है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here

अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

News Editor

Paras Sanotra