बड़ी ख़बर: कांग्रेस हाईकमान का पंजाब लीडरशिप को आदेश, 'नवजोत सिद्धू' को मनाया जाए

punjabkesari.in Wednesday, Sep 29, 2021 - 11:22 AM (IST)

चंडीगढ़/पटियाला (अश्विनी, राजेश): पंजाब प्रदेश कांग्रेस समिति के प्रधान पद से इस्तीफा देने के बाद नवजोत सिंह सिद्धू की पटियाला रिहायश बीती देर शाम राजनीतिक केंद्र बन गई। सिद्धू की रुसवाई को दूर करने के लिए एक-एक करके कई करीबी नेता सिद्धू की रिहायश पर पहुंचे। सिद्धू के घर नेताओं की यह मौजूदगी इसलिए भी अहम रही क्योंकि कांग्रेस हाईकमान ने सिद्धू की नाराजगी को दूर करने का मामला पंजाब की लीडरशिप पर छोड़ दिया है। बताया गया कि कांग्रेस हाईकमान ने पंजाब कांग्रेस लीडरशिप को कहा है कि सिद्धू को मनाया जाए। हालांकि चर्चा रही कि सिद्धू अपने फैसले से टस से मस नहीं हुए हैं। कांग्रेस हाईकमान की तरफ से सिद्धू का इस्तीफा नामंजूर किया गया है।

पंजाब प्रदेश कांग्रेस समिति के कार्यकारी प्रधाल कुलजीत नागरा, मंत्री संतुष्ट सुल्ताना समेत संसद सदस्य डा. अमर सिंह, विधायक कुलबीर सिंह जीरा और विधायक अवतार सिंह जूनियर उर्फ बावा हैनरी शाम होते-होते सिद्धू के घर पहुंच गए। बीती देर शाम मंत्री परगट सिंह भी सिद्धू के घर पहुंचे। चर्चा रही कि मंत्री अमरिन्दर सिंह राजा वड़िंग ने भी सिद्धू के साथ बात की है। परगट सिंह ने स्पष्ट किया कि वह नवजोत सिंह सिद्धू साथ बात करने आए हैं, जो भी मसले होंगे, उनको बैठकर सुलझाया जाएगा। मंत्री तृप्त राजिंद्र सिंह बाजवा ने कहा कि नवजोत सिंह सिद्धू हाईकमान के साथ संपर्क में हैं। उम्मीद है जल्दी ही मामला सुलझ जाएगा।

पंजाब कांग्रेस के दिन भर का घटनाक्रम
सुबह 11:00 बजे:
पंजाब के मंत्रियों को मिले विभाग।
प्रातःकाल 11:30 बजे: मंत्री अपने-अपने विभागों की जिम्मेदारी लेने कार्यालय पहुंचे। मिठाईयां बांटी गई।
दोपहर 12:30 बजे: पूर्व मुख्य मंत्री कैप्टन अमरिन्दर सिंह के दिल्ली रवाना होने की चर्चाएं।
दोपहर 1:30 बजे: कैप्टन के 3:30 बजे दिल्ली रवाना होने की सूचना।
दोपहर 2:00 बजे: कैप्टन के सलाहकार का दौरे को लेकर जवाब, कहा-यह कैप्टन का निजी दौरा।
दोपहर 3:00 बजे: पंजाब प्रदेश कांग्रेस प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू का इस्तीफा।
दोपहर 3:30 बजे: पंजाब कांग्रेस के कोष प्रधान गुलज़ार इंद्र चहल का इस्तीफा।
दोपहर 3:45 मिनट: मुख्य मंत्री चरणजीत सिंह चन्नी बोले, सिद्धू के साथ मुलाकात कर मना लेंगे।
शाम 4:30 बजे: पूर्व मुख्य मंत्री कैप्टन अमरिंद्र सिंह ने कहा, सिद्धू अस्थिर व्यक्ति, पंजाब के लिए फिट नहीं।
शाम 5:30 बजे: मंत्री संतुष्ट सुल्ताना का इस्तीफा।
शाम 6:00 बजे: जनरल सचिव योगेंद्र ढींगरा का इस्तीफा।
शाम 6:15 बजे: सिद्धू के पटियाला घर पर विधायकों-मंत्रियों का लगा तांता, सिद्धू को मनाने की कोशिश जारी।
शाम 7:00 बजे: कांग्रेस हाईकमान का पंजाब की लीडरशिप को आदेश, सिद्धू को मनाया जाए, हाईकमान ने कहा-सिद्धू का इस्तीफा न मंजूर।
रात 9:00 बजे: पूर्व पंजाब कांग्रेस प्रधान सुनील जाखड़ का सिद्धू पर करारा तंज, इट्स जस्ट नाटक क्रिकेट।
रात 10:00 बजे: सिद्धू के पटियाला घर पर बैठकों का दौर जारी, सिद्धू इस्तीफे पर अड़े। 

Content Writer

Sunita sarangal