बड़ी खबरः पंजाब कांग्रेस में चल रहे कलह के बीच राहुल ने सिद्धू को दिया ये Formula

punjabkesari.in Thursday, Jul 01, 2021 - 11:00 AM (IST)

चंडीगढ़ (अश्वनी कुमार): आखिरकार नवजोत सिंह सिद्धू की बुधवार देर शाम राहुल गांधी से मुलाकात हो गई। करीब एक घंटे की इस मुलाकात के बाद सिद्धू बिना कोई बात किए दिल्ली में राहुल गांधी के आवास से कार में सवार होकर निकल लिए।  बताया जा रहा है कि प्रियंका गांधी के हस्तक्षेप के बाद मुलाकात के दौरान राहुल गांधी ने सिद्धू को सुलह का फार्मूला सुझाते हुए जल्द ही कोई अहम जिम्मेदारी देने की बात कही है। कहा जा रहा है कि सिद्धू को जल्द ही पंजाब विधानसभा चुनाव की प्रचार समिति का अध्यक्ष या पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी में कोई अहम जिम्मेदारी देने के अलावा डिप्टी सी.एम. के पद पर भी विचार किया जा सकता है। 

सिद्धू भी राहुल गांधी के फार्मूले से संतुष्ट हो गए हैं। इससे पहले बुधवार सुबह नवजोत सिंह सिद्धू कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा से मिले। सिद्धू ने एक ट्वीट के जरिए तस्वीर शेयर करके लिखा कि प्रियंका गांधी के साथ लंबी मुलाकात की।  कहा जा रहा है कि प्रियंका गांधी के साथ मुलाकात के बाद ही सिद्धू का राहुल गांधी से मुलाकात का सबब बन पाया। सिद्धू से मुलाकात के बाद प्रियंका 10 जनपथ में राहुल और कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी से मिलीं। प्रियंका ने सिद्धू से हुई मुलाकात का पूरा ब्यौरा राहुल और कांग्रेस अध्यक्षा से साझा किया है और इसके बाद ही राहुल गांधी मुलाकात के लिए राजी हुए।  बताया जा रहा है कि प्रियंका ने सिद्धू को तत्काल कैप्टन व सरकार विरोधी बयानबाजी पर अंकुश लगाने की नसीहत दी। प्रियंका गांधी ने सिद्धू को कहा कि उन्होंने जितने भी मसले पंजाब को लेकर उठाए हैं वह सभी मल्लिकार्जुन की तरफ से मुख्यमंत्री को दिए गए 18 नुक्तों में कवर कर लिए गए हैं। ऐसे में सिद्धू को अब मुख्यमंत्री की तरफ से उठाए जा रहे कदम व उनके निणर्यों का इंतजार करना चाहिए। 

कैप्टन लंच डिप्लोमैसी से करेंगे शक्ति प्रदर्शन
कांग्रेस हाईकमान के फैसले से पहले मुख्यमंत्री अमरेंद्र सिंह ने भी अपने गढ़ को मजबूत करने की कोशिशें तेज कर दी हैं। 
मुख्यमंत्री अमरेंद्र सिंह वीरवार को लंच डिप्लोमैसी के जरिए कांग्रेसी नेताओं की नब्ज टटोलेंगे। इस भोज में उन नेताओं पर सबसे ज्यादा नजर रहेगी, जो मुख्यमंत्री के खिलाफ विरोधी सुर निकालते रहे हैं। मुख्यमंत्री इन नेताओं की नाराजगी दूर करने के साथ-साथ अपने खेमे को मजबूत कर शक्ति प्रदर्शन करने की मुद्रा में हैं, ताकि हाईकमान को भी सीधा संदेश दिया जा सके।  ऐसा इसलिए भी है कि दिल्ली में दो बार मुख्यमंत्री अमरेंद्र सिंह द्वारा डेरा डालने के बावजूद उनकी मुलाकात राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कांगे्रस अध्यक्षा सोनिया गांधी से नहीं हो पाई थी। अब जबकि राहुल गांधी ने सिद्धू से मुलाकात कर ली है, तो कैप्टन भी शक्ति प्रदर्शन की मुद्रा में आ गए हैं।

मल्लिकार्जुन कमेटी मंथन की मुद्रा में
इस बीच मल्लिकार्जुन कमेटी भी मंथन में जुट गई है। कमेटी के सभी सदस्यों ने औपचारिक बैठक भी की है। कहा जा रहा है कि सिद्धू के साथ हुई मुलाकात के बाद अब कमेटी की जल्द ही कांग्रेस हाईकमान सोनिया गांधी से मुलाकात होगी।  इस मुलाकात के बाद हाईकमान का फैसला आएगा। अगले 48 घंटे में कांग्रेस हाईकमान कोई बड़ा फैसला सुना सकती है।

Content Writer

Vatika