फगवाड़ा बेअदबी मामले में पुलिस का बड़ा खुलासा,  मृतक की पहचान आई सामने

punjabkesari.in Wednesday, Jan 17, 2024 - 08:57 PM (IST)

फगवाड़ा (जलोटा, मुनीश): फगवाड़ा के घनी आबादी वाले बांसावाला बाजार (चौड़ा खुंह क्षेत्र) में स्थित गुरूद्वारा छेवीं पातशाही में बेअदबी करने की शंका में निहंग सिंह के हाथों हत्या का शिकार बने अज्ञात युवक की पहचान फगवाड़ा पुलिस द्वारा कर ली गई है। इस संबंधी एसएसपी कपूरथला वत्सला गुप्ता ने बताया कि मृतक युवक की पहचान विशाल कपूर के तौर पर हुई है। उसका जन्म नई दिल्ली के पश्चिमपुरी में हुआ है और उसके पिता का नाम दविन्द्र कपूर है। उसके पिता दविन्द्र कपूर की मौत हो चुकी है। मृतक विशाल कपूर अपने जीवन के शुरूआती काल में फगवाड़ा में करीब 8 से 10 वर्षों तक रहा है। इसके बाद वह अपनी दादी के साथ दिल्ली चला गया और वहां पर कुछ समय तक रहा। दादी की मौत हो जाने के बाद वह सड़कों पर निराश्रित के तौर पर रहा जहां उसे एक एनजीओ ने अपनाया। लेकिन वहां पर भी वह ज्यादा समय तक नहीं रह पाया। इसके बाद वह कहां पर चला गया इसे लेकर फगवाड़ा पुलिस द्वारा एसपी फगवाड़ा के नेत्तृव में जांच का दौर जारी है।

फगवाड़ा से है विशाल कपूर का गहरा रिश्ता? 
सूत्र बताते है कि मृतक विशाल कपूर का हकीकत में फगवाड़ा से गहरा रिश्ता रहा है। सूत्र दावा कर रहे है कि उसकी परिवारिक पृष्टभूमि फगवाड़ा से संबंधित रही है? वह यहीं पर पला-बड़ा है और उसका फगवाड़ा से गहरा रिश्ता है। इसे लेकर पुलिस के एक अधिकारी ने कहा है कि पुलिस इस तथ्य की बेहद बारीकी से जांच कर रही है। वहीं बड़ा सवाल यह है कि वह दोबारा फगवाड़ा किसके बुलावे और कहने पर आया है? वह सूत्रधार कड़ी यदि है तो हकीकत में क्या है?
 
सोनीपत से रहा है मृतक विशाल कपूर का गहरा रिश्ता?

सूत्रों के अनुसार मृतक विशाल कपूर का सोनीपत के साथ भी गहरा रिश्ता रहा है। सनद रहे है कि मामले की जांच कर रही फगवाड़ा पुलिस को कुछ फोन नंबर भी मिले है। फोन नंबर मिलने की पुष्टि आधिकारिक स्तर पर गत दिवस एडीजीपी (लॉ एंड ऑडर गुरिन्दर सिंह ढिल्लों द्वारा भी की गई थी। सूत्रों का तो यह भी दावा है कि मृतक विशाल कपूर सोनीपत के एक अनाथालय में रहता था और उसकी मानसिक दशा ठीक नहीं थी? सूत्र दावा कर रहे है कि पुलिस की टीमें उक्त अनाथलय भी पहुंची है और वहां का रिकार्ड भी अपने साथ लेकर आई है? सूत्रों के अनुसार जो फोन नंबर मिले हैं वह हरियाणा से ही जारी हुए है। इन्हीं में से एक नंबर सोनीपत के अनाथालय का है? वहीं इस तथ्य को लेकर जब एसपी फगवाड़ा गुरप्रीत सिंह गिल से पूछा गया तो उन्होनें इसकी किसी भी तरह की पुष्टि नहीं की है और यहीं कहा है कि बहुत जल्द पुलिस आगे और कई बड़े खुलासे करने जा रही है। 
 
सूत्रों के मुताबिक पुलिस इस तथ्य की कड़ी जुटाने में लगी हुई है कि मृतक विशाल कपूर जो बहुत वर्ष पहले फगवाड़ा में रहा है, वह अचानक यहां कैसे आया है। इसके पीछे क्या राज रहा है और सबसे बड़ा सवाल यह है कि फगवाड़ा आकर वह गुरुद्वारा जो शहर के बेहद घनी आबादी वाले इलाके में है, तक क्यों और कैसे पहुंचा? इस कड़ी को जोड़ने में पुलिस टीमों द्वारा कई स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। बड़ा राज यह भी है कि वह किसी व्यक्ति जिसे वह सुक्खी कह रहा था का उल्लेख अपनी उस आखिरी वीडियों में निहंग सिंह रमनदीप सिंह उर्फ मंगूमठ के समक्ष कर रहा है? और तुसी और तुहाड़े शब्द का प्रयोग आखिर किसका उल्लेख कर कर रहा है। यह वह गहरे राज है जो अभी भी बड़ी पहेली ही बने हुए है।
 
आरोपी निहंग सिंह रमनदीप सिंह मंगू मठ अदालत में पेश, भेजा 7 दिनों के रिमांड पर 
इसी मध्य मामले की जांच कर रही फगवाड़ा पुलिस ने आरोपी निहंग सिंह रमनदीप सिंह उर्फ मंगू मठ को कड़े पुलिस बंदोबस्त में अदालत में पेश किया है। अदालत ने आरोपी निहंग सिंह रमनदीप सिंह उर्फ मंगू मठ को सात दिनों के पुलिस रिमांड पर भेजने के आदेश जारी कर दिए है। पुलिस के अनुसार आरोपी निहंग सिंह से लगातार पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में यह भी पूछा जा रहा है कि आखिर हत्या करने की नौबत हकीकत में क्यों और कैसे आई है। पुलिस जांच जारी है। 
 

Content Editor

Subhash Kapoor