गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया और सुखजिंदर रंधावा पर मजीठिया के गंभीर आरोप

punjabkesari.in Sunday, Nov 24, 2019 - 06:04 PM (IST)

चंडीगढ़/बटालाः बटाला के पास गांव ढिल्लवां में अकाली लीडर दलबीर सिंह ढिल्लवां के कत्ल मामले में बिक्रम मजीठिया ने सी.बी.आई. जांच की मांग की है। मजीठिया ने कहा कि कई दिन बीत जाने के बावजूद भी पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। उन्होंने कहा कि दलबीर सिंह का कत्ल कांग्रेस के मंत्री ने करवाया है और यही कारण है कि दबाव के चलते पुलिस भी कार्रवाई नहीं कर रही है।

इसके साथ ही मजीठिया ने जेल मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा और गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया पर गंभीर आरोप भी लगाए। मजीठिया ने कहा कि रंधावा द्वारा जग्गू भगवानपुरिया गैंग को उकसाया जा रहा है। जग्गू गैंग द्वारा लूटपाट, फिरौती और नशा तस्करी की जा रही है। पुलिस उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रही क्योंकि मंत्री रंधावा उनका सियासी गुरु है। उन्होंने कहा कि सुक्खी-जग्गू की जोड़ी नाजायज काम कर रही है। मजीठिया ने कहा कि रंधावा के कहने पर जग्गू भगवानपुरिया को जेल में वी.आई.पी. ट्रीटमेंट किया जा रहा है। वह बोले कि जग्गू की मां गांव भगवानपुर की पंच है और रंधावा ही गांव में सभी काम करवा रहा है। उन्होंने कहा कि चाहे इस गांव की सरपंच कोई और है लेकिन हुक्म जग्गू की मां का ही चलता है।

प्रैस कांफ्रेंस के दौरान मजीठिया ने कुछ तस्वीरें और फेसबुक पोस्ट मीडिया को दिखाते हुए दावा किया कि जग्गू भगवानपुरिया का भाई और मनू भगवानपुरिया द्वारा विदेश में कब्बडी क्लब बनाकर कारोबार चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर कोई कब्बडी खिलाड़ी उनके खिलाफ बोलने की हिम्मत करता है तो उसको जान से मारने की धमकियां दी जा जाती हैं। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि इस सबके पीछे कांग्रेसी मंत्री सुक्खी रंधावा का हाथ है। उन्होंने कहा कि रंधावा को पद पर बने रहने का कोई हक नहीं। इसलिए उनको पद से हटाकर गिरफ्तार किया जाना चाहिए।

Mohit