बर्थडे पार्टी मनाने गए युवक की ह/त्या, 6 के खिलाफ मामला दर्ज
punjabkesari.in Wednesday, Jul 01, 2026 - 04:46 PM (IST)
राजपुरा (इकबाल): थाना सिटी पुलिस राजपुरा ने बीते दिनों अपने दोस्तों के साथ बर्थडे पार्टी मनाने गए गांव शामदू के एक 19 साल के युवक की संदिग्ध हालत में हुई मौत के मामले में मृतक युवक के पिता के बयानों के आधार पर उसके साथ बर्थडे मनाते समय मौके पर मौजूद कथित तौर पर 6 दोस्तों के खिलाफ हत्या समेत कई धाराओं के तहत केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। थाना सिटी पुलिस को गुरप्रीत सिंह पुत्र महिंदर सिंह निवासी गांव शामदो ने बयान दर्ज करवाए कि उसका बेटा गुरतेज सिंह (19) अपने 6 दोस्तों के साथ गाड़ी में राजपुरा-चंडीगढ़ रोड पर स्थित गोगी ढाबे पर बर्थडे मनाने गया था।
गुरप्रीत सिंह ने बताया कि उसका बेटा खून से लथपथ होकर अपने घर पहुंचा तो उसके दादा महिंदर सिंह ने फोन करके उसे बताया कि गुरतेज सिंह की लड़ाई होने के कारण उसे चोटें लगी हैं। जब उसे सिविल हॉस्पिटल राजपुरा लाया गया, तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक युवक के पिता ने आरोप लगाया कि गुरतेज सिंह के सिर के पिछले हिस्से पर लोहे की रॉड और हाथ पर चाकू से वार के निशान थे और खून बह रहा था। उन्हें शक है कि उसके 6 दोस्तों ने उसे पीट-पीटकर मार डाला।
सिटी थाना पुलिस ने मृतक युवक गुरतेज सिंह के गांव शामदो निवासी 6 दोस्तों हरमन सिंह पुत्र करमजीत सिंह, बलविंदर सिंह पुत्र सतनाम सिंह, उदय सिंह पुत्र राम दयाल, नवदीप सिंह पुत्र भूपिंदर सिंह, बलविंदर सिंह पुत्र दविंदर सिंह और आकाश सिंह पुत्र हरजिंदर सिंह के खिलाफ IPC की धारा 103 समेत कई धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर गुरसेवक सिंह सिद्धू ने बताया कि सिटी पुलिस उक्त युवक की हत्या की अलग-अलग एंगल से जांच कर रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

