लोकसभा चुनाव 2019: आनंदपुर सीट पर दावा ठोक रही बीजेपी,13 में से 6 सीटें लेने की तैयारी में

punjabkesari.in Monday, Apr 09, 2018 - 01:45 PM (IST)

चंडीगढ़ः  लोकसभा चुनाव 2019 को लेकर सभी पार्टियों ने तैयारियां शुरु कर दी हैं। संगरूर से लोकसभा सदस्य और ‘आप ’ नेता भगवंत मान अगला चुनाव बादलों के हलके बठिंडा से लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। जानकारी अनुसार भगवंत मान ‘मिशन -2019 ’ में केंद्रीय मंत्री हरसिमरत बादल खिलाफ चुनाव लड़ने का मन बना चुके हैं। फाजिल्का से मारे गए गैंगस्टर रोकी की बहन को शिरोमणि अकाली दल में शामिल करना भी यही संकेत करता है। हरसिमरत ने पिछले दिनों बुढलाडा के एक जनतक समागम में दावा किया है कि वह बठिंडा हलके से ही चुनाव लड़ेंगी परन्तु वह यह इशारा भी कर गईं कि बाकी वाहेगुरु जो चाहे।’ बठिंडा के 9 विधानसभा हलकों में से पांच पर ‘आप’ के विधायक काबिज हैं। सूत्रों अनुसार भगवंत मान दो हलकों से भी कागज दाखिल कर सकते हैं।


सबसे चर्चित बात श्री आनंदपुर साहिब लोकसभा हलके को लेकर चल रही है जो अकाली दल की सीट हैं लेकिन अब वहां भाजपा दावेदारी ठोकनें को तैयार है। हालांकि पंजाब केसरी इस बात की पुष्टि नहीं करता। अकाली-भाजपा के रिश्ते में खटास को लेकर पहले ही बहुत चर्चाएं चल रही हैं लेकिन अकाली दल की सीट  पर भाजपा का दावेदार आने से पार्टियों के रिश्ते पर इसका क्या असर होगा ये तो वक्त ही बताएगा।  अकाली-भाजपा गठबंधन के उम्मीदवार प्रो. प्रेमसिंह चंदूमाजरा इस सीट से सांसद हैं। इस सब के बीच अब इस सीट पर भाजपा की ओर से अपना दावा ठोका जा रहा है। पंजाब भाजपा के सचिव डॉ. सुभाष शर्मा हलके में सक्रिय हो गए हैं। आलम यह है कि उन्होंने इस लोकसभा हलके को लेकर डॉ. सुभाष शर्मा फॉर आनंदपुर साहिब लोकसभा नाम का फेसबुक पेज भी तैयार कर लिया है। इसके जरिए वे लोगों को अपने साथ जोड़ रहे हैं। इस प्रयास से यह साफ है कि आने वाले लोकसभा चुनावों को लेकर इस सीट पर अकाली-भाजपा में खींचतान होने की पूरी संभावना है।  

 

केंद्रीय वित्तमंत्री अरुण जेतली के नजदीकी पंजाब भाजपा के सचिव डॉ. सुभाष शर्मा की सक्रियता भाजपा की उस रणनीति के तौर पर सामने आ रही है जिसके तहत भाजपा पंजाब में लोकसभा की  कुल  13 सीटों में से मिलने वाली 3 सीटों को बढ़ाने के प्रयास में है। अकाली दल भाजपा को 13 में से मात्र 3 सीटें देता है और 10 पर खुद चुनाव लड़ता है। इस बार भाजपा 13 में से 6 सीटें लेने की तैयारी में जुटी हुई है।  

 

इस मुद्दे पर जब सांसद प्रेम सिंह चंदुमाजरा से बातचीत की गई तो उन्होंने कहा शर्मा अगर काम कर रहे हैं तो उसका फल गठबंधन को मिलेगा। चुनाव लड़ने के लिए अपना दावा ठोकना और मेहनत करना सभी पार्टी वर्कर्स का अधिकार है। टिकट पार्टी तय करती है। गठबंधन के अनुसार फैसले होते हैं।  

Sonia Goswami