अकाली दल ने जी.एस.टी. का पंजाब को हिस्सा व हक दिलवाने में कोई प्रयास नहीं किया : जाखड़

punjabkesari.in Sunday, Dec 01, 2019 - 08:30 AM (IST)

चंडीगढ़/जालंधर(भुल्लर/धवन): पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने शिरोमणि अकाली दल पर सियासी हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि पंजाब को केन्द्र से जी.एस.टी. का बनता हिस्सा/हक दिलवाने में कोई प्रयास नहीं किया। उल्टा 10 वर्षों तक पंजाब की आर्थिक स्थिति को तहस नहस कर अकाली-भाजपा गठबंधन सरकार ने जाते-जाते 31000 करोड़ का कर्जा भी पंजाब पर चढ़ा दिया। 

उन्होंने कहा कि अकाली नेता परमिन्द्र सिंह ढींडसा अपनी राजनीति चमकाने के लिए केन्द्र सरकार का साथ दे रहे हैं, जबकि केन्द्र सरकार ने अभी तक पंजाब को मिलने वाली जी.एस.टी. की 4100 करोड़ की राशि भी रिलीज नहीं की है। उल्टा अकाली नेता पंजाब में उपभोक्ता वस्तुओं की मांग में आई कमी के कारण टैक्स वसूली घटने पर कैप्टन अमरेन्द्र सिंह सरकार की आलोचना कर रहे हैं, जबकि देश में छाई मंदी के लिए भी अकाली दल की सहयोगी पार्टी भाजपा ही जिम्मेदार है। अब तो देश में जी.डी.पी. की दर 4.5 प्रतिशत पर आ गई है। 

उन्होंने कहा कि पूर्व वित्त मंत्री ढींडसा को यह पता होना चाहिए कि पिछली सरकार ने सत्ता छोड़ने से पहले एक अनैतिक फैसला करते हुए अनाज खरीद के खातों के फर्क के बदले 31000 करोड़ रुपए का कर्जा पंजाब के सिर चढ़ा दिया, जिस कारण भी पंजाब सरकार के सामने अब मुश्किलें पैदा हो रही हैं क्योंकि यह राशि व उस पर ब्याज का भुगतान पंजाब सरकार ने करना है। जाखड़ ने कहा कि पंजाब केन्द्र के लिए अनाज की खरीद करता है, फिर अकाली दल ने अनाज खरीद के खातों के खर्चे पंजाब के सिर क्यों स्वीकार किए? 

उन्होंने कहा कि अकाली सरकार के समय अनाज खरीद मामले की चोरी को अकाली दल की सरकार ने खर्चा स्वीकार कर अपने गुनाहों पर पर्दा डाला। अकाली शासनकाल में 10 वर्षों में पंजाब पर 2.25 लाख करोड़ तक का कर्जा चढ़ गया, जबकि 2007 में जब कांग्रेस ने सत्ता छोड़ी तो उस समय यह कर्जा मात्र 46000 करोड़ था। 

Edited By

Sunita sarangal