राजस्थान में भाजपा कर रही लोकतंत्र की हत्या : जाखड़

punjabkesari.in Monday, Jul 27, 2020 - 10:24 AM (IST)

जालंधर(धवन): पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि वह सत्ता की लालसा में अपनी विरोधी पाॢटयों की राज्य सरकारों को धन बल के साथ अस्थिर करके लोकतंत्र की हत्या कर रही है। 

उन्होंने कहा कि जिस तरह पहले गोवा तथा मध्यप्रदेश में राजनीतिक खेल भाजपा द्वारा खेला गया था वैसा ही खेल अब राजस्थान में खेला जा रहा है जोकि देश के संघीय ढांचे के लिए खतरे की घंटी है तथा कांग्रेस इस धक्केशाही के खिलाफ चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता के लालच में अंधी हो गई है जो हर तरीके से सत्ता हथियाना चाहती है जाखड़ ने कहा कि राजस्थान की राज्य सरकार कोविड के संकट के समय बहुत अच्छा काम कर रही है। पर केंद्र सरकार तथा भाजपा ने विधायकों की खरीदो-फरोख्त, उन्हें डराने धमकाने की नीति तथा राज्यपाल के संवैधानिक पद का दुरुपयोग करके निर्वाचित सरकार को अस्थिर करने की कोशिश की है जिसे कांग्रेस सफल नहीं होने देगी। 

उन्होंने कहा कि जिस तरह से संवैधानिक मूल्यों का उल्लंघन करके राज्यपाल मुख्यमंत्री की मांग के बावजूद विधानसभा का सत्र नहीं बुला रहे हैं इससे स्पष्ट होता है कि राज्यपाल भी केंद्र सरकार की शह पर लोकतंत्र की अनदेखी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा द्वारा लोकतंत्र की की जा रही हत्या के खिलाफ ऑनलाइन जागरूकता अभियान चलाने जा रही है जिसके तहत कांग्रेस के समस्त पदाधिकारियों को कहा गया है कि सोशल मीडिया पर भाजपा की इस लोकतंत्र विरोधी सोच के खिलाफ अपने वीडियो शेयर करके लोगों को सच्चाई से अवगत करवाया जाए ताकि लोगों को भाजपा की तानाशाही नीतियों के खिलाफ लामबद्ध किया जा सके।

Vaneet