किसानों की फसल खुले आसमान के नीचे ओलावृष्टि से तबाह, मुख्यमंत्री वाटरप्रूफ टेंटों में कर रहे हैं रैलियां : सुनील जाखड़

punjabkesari.in Sunday, Apr 05, 2026 - 08:53 PM (IST)

चंडीगढ़ : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री वाटरप्रूफ टेंटों में रैलियां कर रहे हैं, जबकि पंजाब के किसान बेमौसमी बारिश और ओलावृष्टि से अपनी फसल बर्बाद होते देख रहे हैं और राज्य सरकार के पास उनकी सुध लेने का समय नहीं है।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए जाखड़ ने कहा कि पंजाब सरकार को तुरंत फसलों के नुकसान की गिरदावरी करवाकर किसानों को मुआवजा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा आपदा राहत फंड के तहत भेजे गए 13,000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि पहले से ही राज्य सरकार के पास उपलब्ध है, जिसे हाल ही में मुख्यमंत्री ने स्वयं छह महीने बाद स्वीकार किया है।

भगवंत सिंह मान सरकार पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि मंडियों में जहां पहले से शेड की सुविधा उपलब्ध है, वहां भी दिल्ली से आए अपने चहेते लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए वाटरप्रूफ टेंट लगाए जा रहे हैं, जबकि दूसरी ओर किसानों की फसल खुले आसमान के नीचे खराब हो रही है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने आज पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष लाल सिंह के घर जाकर उनके परिवार के साथ शोक व्यक्त किया। इस दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की आप सरकार उसी कंपनी से बसें बनवा रही है, जिस कंपनी से बसें बनवाने का आरोप लगाकर कांग्रेस को सरेंडर करने के लिए मजबूर किया गया था। उन्होंने कहा कि यह साफ प्रमाण है कि “हाथी के दांत दिखाने के और, खाने के और” होते हैं और सरकार भ्रष्टाचार रोकने के नाम पर केवल दिखावटी दावे कर रही है, जबकि पंजाब के खजाने को दोनों हाथों से लूटा जा रहा है।

जाखड़ ने कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार चरम पर है, वहीं खराब कानून-व्यवस्था और नशे की समस्या पंजाब के लोगों के लिए गंभीर चुनौती बनी हुई है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने पंजाब दौरे के दौरान बदलाव चाहने वाले लोगों के सामने भाजपा का रोडमैप रखा था, और उनके इस दौरे के बाद विपक्षी पार्टियों द्वारा भाजपा के खिलाफ फैलाए गए भ्रम टूटने लगे हैं।

सुनील जाखड़ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का सक्षम नेतृत्व ही पंजाब में अमन-शांति बहाल कर सकता है, नशे पर रोक लगा सकता है और सामाजिक सद्भाव को मजबूत कर सकता है। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों ने अब बदलाव का मन बना लिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News