भाजपा ने पंजाब कांग्रेस पर लगाया अब इस बड़े घोटाले का आरोप, मांगी विजीलैंस जांच

punjabkesari.in Saturday, Jul 17, 2021 - 11:59 AM (IST)

लुधियाना (गुप्ता) : भारतीय जनता पार्टी ने पंजाब में बनाए गए 39 लाख नीले कार्डों में बड़े घोटाले के आरोप लगाते हुए इस घोटाले की विजीलैंस जांच कराए जाने की मांग की है। आज सर्किट हाऊस में आयोजित पत्रकार सम्मेलन में पंजाब भाजपा के उपाध्यक्ष प्रवीण बांसल ने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत पंजाब के जरूरतमंद लोगों के लिए कोरोना काल में 42 लाख लोगों के लिए मुफ्त अनाज भेजा है, परंतु इस अनाज को पंजाब कांग्रेस के भ्रष्ट नेताओं के माध्यम से खुर्द-बुर्द किया जा रहा है। 

बांसल ने कहा कि पंजाब सरकार के प्रभावशाली मंत्री व विधायकों ने मिलकर सरकारी अनाज को खुर्द-बुर्द करने की नियत से एक नया ढंग ढूंढ लिया है। इस नए ढंग में विधायकों ने 5-5 हजार व मंत्री ने अनगिनत बार कोड के स्टीकर बनाकर खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को यह आदेश जारी किए कि जिन फार्मों पर यह स्टीकर लगा हो वही नीले कार्ड बनाए जाएं। इन फार्मों में मुख्य सदस्य के रूप में अपने चहेते का नाम भरकर बाकी आम जनता में से अलग-अलग लोगों के आधार कार्ड लगाकर 5-5, 6-6 लोगों के नाम भर दिए गए हैं। उनमें न तो परिवार की फोटो लगाई गई है और न ही आपस में रिश्तों का जिक्र किया गया है। 

कई जगह पर फीमेल मैंबर को मेल दिखाया गया है। इन फार्मों पर इन नेताओं ने बार कोड के स्टीकर की सच्चाई छिपाने के लिए सभी बार कोड लगे फार्मों को मुख्य पोर्टल पर डालने की बजाय एक नए पोर्टल पर डालकर यह कार्ड बनाए हैं। बाद में यह सभी कार्ड मुख्य पोर्टल से जोड़ दिए गए हैं। बनाए गए कार्डों में मुख्य मैंबर दर्शाए गए व्यक्ति के माध्यम से अंगूठा लगाकर सरकारी राशन का गबन किया जाता है। जो आम लोगों के आधार कार्ड फार्मों में लगाए गए हैं उनको पता ही नहीं कि उनके हक का अनाज भ्रष्टाचार के माध्यम से खाया जा रहा है।  

बांसल ने कहा कि पहले यह सिस्टम था कि कार्ड पर पूरे परिवार की फोटो लगती थी व सदस्यों की उम्र व उनके रिश्तों का भी जिक्र होता था, पंरतु हेरा-फेरी के लिए यह अब नहीं हो रहा। यह गरीबों के अधिकारों पर बड़ा डाका है। इस मामले को भाजपा का शिष्टमंडल केन्द्रीय मंत्री पीयूष गोयल के समक्ष भी उठाएगा। पत्रकार सम्मेलन में जिला भाजपा उपाध्यक्ष सुनील मोदगिल, पार्षद पति इंद्र अग्रवाल, सरबजीत काका, दविन्द्र जगगी आदि उपस्थित थे।

सस्ती राजनीति कर रहे भाजपाई : भारत भूषण आशु
लुधियाना : इस मामले में जब कैबिनेट मंत्री भारत भूषण आशु से बातचीत की गई तो उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं को पंजाब सरकार के पारदर्शी सिस्टम के बारे में कोई जानकारी ही नहीं है। चुनाव नजदीक आते देखकर भाजपाई सस्ती राजनीति कर रहे हैं। जबकि सच्चाई यह है कि अकाली-भाजपा सरकार के समय में जाली कार्ड बनाए गए, जिन्हें कांग्रेस सरकार के आने पर खत्म किया गया एवं हर गरीब को अनाज देने के लिए कदम उठाए गए हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tania pathak

Recommended News

Related News