रवनीत बिट्टू के बयान पर भड़की भाजपा ने किया बड़ा ऐलान

punjabkesari.in Tuesday, Dec 29, 2020 - 03:03 PM (IST)

चंडीगढ़: पंजाब भाजपा ने कांग्रेस सांसद रवनीत सिंह बिट्टू द्वारा केंद्र सरकार के खिलाफ दिए बयान पर पलटवार करते हुए 30 दिसंबर को पंजाब में बड़े प्रदर्शन का ऐलान किया है। इस बारे प्रैस कांफ्रैंस करते हुए पंजाब भाजपा के प्रधान अश्वनी शर्मा ने कहा कि 30 दिसंबर को पूरे पंजाब में रवनीत बिट्टू के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा और पुतले फूंके जाएंगे।

दरअसल, किसान आंदोलन पर मोदी सरकार को धमकाते हुए बिट्टू ने कहा था कि 1 जनवरी, 2021 के बाद हम लाशों के भी ढेर लगाएंगे। हम अपना खून भी देंगे। यहां तक कि हम नई प्लानिंग के साथ आएंगे। बिट्टू के इस बयान से सियासत गर्मा गई है। अश्वनी शर्मा ने पंजाब के डी. जी. पी. को रवनीत बिट्टू के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की है। अश्वनी शर्मा ने कहा कि 2 जनवरी से भाजपा लुधियाना में प्रदर्शन पर बैठेगी और यह प्रदर्शन उस समय तक चलेगा, जब तक बिट्टू के खिलाफ मामला दर्ज नहीं हो जाता।

इसके साथ ही अश्वनी शर्मा ने किसानों से अपील की है कि भाजपा को कोई ऐतराज़ नहीं कि किसान आंदोलन करे लेकिन इस आंदोलन में कुछ शरारती तत्व दाख़िल हो रहे हैं और आंदोलन का रूप बदलना चाहते हैं, इसलिए किसानों को ऐसे शरारती तत्वों से सचेत रहना चाहिए। अश्वनी शर्मा ने कहा कि राज्य की कांग्रेस सरकार हर फ्रंट पर बुरी तरह फेल साबित हुई है। कांग्रेस शासन में विरोधी दलों के वर्करों को डंडो के ज़ोर पर डराया जा रहा है और उन्हें लोकतंत्रीय ढंग से राजनीतिक गतिविधियां करने से भी रोका जा रहा है।

Vatika