जालंधर में भाजपा का हल्ला बोल ! BMC के बाद शहर का यह प्रमुख चौक जाम

punjabkesari.in Friday, Sep 19, 2025 - 08:22 PM (IST)

जालंधर : पंजाब में सत्तारूढ़ सरकार के खिलाफ भाजपा का विरोध प्रदर्शन तेज हो गया है। शुक्रवार को जालंधर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए शहर के सबसे व्यस्त बी.एम.सी. चौक और श्री गुरु रविदास चौक को पूरी तरह से जाम कर दिया। हाथों में तख्तियां लिए भाजपा कार्यकर्ता बीच सड़क पर धरने पर बैठ गए और पंजाब सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाज़ी की। सबसे पहले बी.एम.सी. चौक जाम होने की सूचना आई और अब नकोदर चौक को पूरी तरह से जाम कर दिया गया है। 

बता दें कि बी.एम.सी. चौक और श्री गुरु रविदास चौक शहर के प्रमुख मार्गों में से हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं के धरने और जाम के कारण इन इलाकों में ट्रैफिक पूरी तरह से ठप हो गया। आम जनता और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस प्रशासन को ट्रैफिक को अन्य मार्गों की ओर डायवर्ट करना पड़ा। बावजूद इसके कई इलाकों में घंटों तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं।

प्रदर्शन का नेतृत्व शीतल अंगुराल समेत अन्य वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने किया। इस दौरान भाजपा नेताओं ने कहा कि पंजाब सरकार जनता की समस्याओं को सुलझाने में पूरी तरह नाकाम रही है। शीतल अंगुराल ने अपने हलके में नशा बिकने के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि कुछ सत्ताधारी लीडरों की तऱफ से उनके इलाके में सरेआम नशे के कारोबार को अंजाम दिया जा रहा है, लेकिन पुलिस प्रशासन उसमें कुछ नहीं कर रही है। उन्होंने इस संबंध में शहर की पुलिस कमिश्नर को भी शिकायत दी गई थी, लेकिन एक न सुनी। अतः उन्होंने अब तंग आकर पुलिस प्रशासन व सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला है। 


 
भाजपा नेताओं ने ऐलान किया कि अगर पंजाब सरकार ने जल्द जनता की समस्याओं को हल करने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए तो आने वाले दिनों में राज्यभर में और भी बड़े स्तर पर प्रदर्शन किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन जनता की आवाज़ है और भाजपा कार्यकर्ता किसी भी कीमत पर इसे कमजोर नहीं होने देंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News