2024 के लिए भाजपा ने शुरू की तैयारी, लोकसभा क्षेत्रों में संयोजक किए नियुक्त

punjabkesari.in Saturday, Jun 04, 2022 - 10:20 AM (IST)

जालंधर (नरेंद्र मोहन): वर्ष 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा ने अभी से ही तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी ने पंजाब की 13 लोकसभा सीटों में से 8 लोकसभा सीटों पर संयोजक और प्रभारी नियुक्त कर दिए हैं। लोकसभा प्रवास योजना पंजाब के बैनर तले इस अभियान में लोगों को ब्लॉक स्तर पर पार्टी से जोड़ना, बैठकें करना, मोदी सरकार की नीतियों का प्रचार करना, केंद्र सरकार द्वारा पंजाबियों और विशेष रूप से सिखों के लिए किए गए योगदान का जिक्र करना शामिल है।

8 लोकसभा सीटों पर नियुक्त किए गए पदाधिकारियों में अमृतसर लोकसभा क्षेत्र के लिए राजिंदर मोहन सिंह छीना संयोजक और राणा गुरमीत सिंह सोढी प्रभारी, गुरदासपुर के लिए राजिंदर बिट्टा संयोजक, जसविंदर सिंह ढिल्लों प्रभारी, जालंधर के लिए पुनीत शुक्ला संयोजक, अनीश सिडाना प्रभारी, होशियारपुर के लिए शिव सूद संयोजक, विनोद शर्मा प्रभारी, आनंदपुर साहिब के लिए सुखविंदर गोल्डी संयोजक, तीक्षण सूद प्रभारी, बठिंडा के लिए अशोक भारती संयोजक, शिवराज चौधरी प्रभारी, लुधियाना के लिए गुरदीप सिंह गोशा संयोजक, राकेश राठौर प्रभारी और संगरूर के लिए जतिंदर कालड़ा संयोजक व अनिल सरीन प्रभारी नियुक्त किए गए। नियुक्त किए गए सभी लोग भाजपा की पंजाब कार्यकारिणी के सदस्य और अन्य सैलों के प्रभारी हैं। 2 से 3 लोकसभा सीटों पर एक-एक केंद्रीय मंत्री को भी नियुक्त किया गया है जिनमें केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया और संसदीय मामलों के मंत्री प्रह्लाद जोशी शामिल हैं। पदाधिकारियों ने अपना कार्य शुरू कर दिया है। दल-बदल कर आने वाले अन्य दलों के नेताओं से संपर्क का कार्य भी पदाधिकारियों का ही है। 

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here

अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

 


 

News Editor

Kalash