कार में CNG भरते समय ब्लास्ट, पंप के कारिन्दे की मौत और 2 घायल

punjabkesari.in Monday, Jul 12, 2021 - 11:31 AM (IST)

मानसा (जस्सल): शहर के एक पैट्रोल पंप पर रविवार शाम ऑल्टो कार में सी.एन.जी. भरते समय ब्लास्ट होने से पंप के कारिन्दे की मौत हो गई है, जबकि 2 अन्य व्यक्ति बुरी तरह घायल हो गए हैं। इस घटना में 2 ऑल्टो कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।

थाना सिटी-1 व सिटी-2 की पुलिस ने मौके पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया। घटना के बाद पंप परिसर में चारों तरफ खून बिखर गया। शहर के बस अड्डे समीप जगदीश ऑयल कंपनी के पंप पर शाम के समय ऑल्टो कारें सी.एन.जी. भरवाने आईं, जब पंप का कारिंदा बिक्रम सिंह ऑल्टो कार एच.आर. 59, 8782 में सी.एन.जी. डालने लगा तो एकदम कार की टंकी फट गई, पंप का कारिंदा मौके पर ही खून से लथपथ हो गया।

इस दौरान हुए ब्लास्ट ने दूसरी ऑल्टो कार को लपेट में ले लिया, जिसमें 2 अन्य व्यक्ति शिन्दर सिंह निवासी चकेरियां व कर्मवीर सिंह निवासी लखमीरवाला घायल हो गए। दोनों को सिविल अस्पताल मानसा में दाखिल करवाया गया, जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पंप के मालिक जगमोहन लाटा राम ने बताया कि इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 2 घायल हैं। थाना सिटी-1 के प्रमुख जगदीश कुमार और थाना सिटी-2 की प्रमुख गुरप्रीत कौर ने बताया कि घटना में हुए नुक्सान का पता लगाया जा रहा है।

Content Writer

Vatika