गली में गेट लगाने को लेकर छिड़े विवाद ने लिया खूनी रूप, पति-पत्नी सहित 4 घायल

punjabkesari.in Thursday, Mar 12, 2026 - 04:07 PM (IST)

जीरकपुर : जीरकपुर के सैनी विहार फेज-3 इलाके में गली में गेट लगाने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हो गया। इस दौरान हुई मारपीट में एक दंपति सहित परिवार के चार सदस्य घायल हो गए। पीड़ित महिला पार्वती के अनुसार गली के कुछ लोग उनके घर के सामने प्रवेश द्वार पर गेट लगा रहे थे, जिसका उन्होंने विरोध किया था। उन्होंने इस संबंध में नगर परिषद में शिकायत भी दर्ज करवाई थी। बताया जा रहा है कि एक दिन पहले नगर परिषद की टीम गेट हटाने के लिए मौके पर पहुंची थी, जिसके बाद से इलाके में तनाव बना हुआ था।

आरोप है कि शाम के समय कुछ लोग उनके घर के बाहर आकर बहस करने लगे और बात बढ़ने पर मारपीट शुरू कर दी। इस झगड़े में पार्वती पांडे के पति के.डी. पांडे घायल हो गए, जबकि उनकी सास का दांत टूट गया। पार्वती पांडे और उनकी 17 वर्षीय बेटी त्रिषा को भी चोटें आईं। घायलों को पहले निजी ले जाया गया, जहां से उन्हें आगे इलाज के लिए सेक्टर-32 अस्पताल चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।

पीड़ित परिवार ने पुलिस को शिकायत दे दी है। परिवार का आरोप है कि गली के कुछ लोगों ने मिलकर उन पर हमला किया। इस घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग कथित तौर पर पीड़ित परिवार के साथ हाथापाई करते दिखाई दे रहे हैं। इस मामले में पुलिस जांच जारी है। चौकी इंचार्ज गुरप्रीत सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है और जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News