नंगल : मार्केट में गुंडागर्दी का तांडव, जमकर चले तेजधार हथियार, तीन युवक गंभीर घायल
punjabkesari.in Saturday, Jan 31, 2026 - 11:23 AM (IST)
नंगल : नंगल की शर्मा स्टोर मार्केट में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दो गुटों के बीच अचानक हुई झड़प ने हिंसक रूप ले लिया। इस दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया, जिसमें तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। घायल हितेश और अक्षय को बीबीएमबी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें आगे के इलाज के लिए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। वहीं तीसरा घायल रोहित फिलहाल सिविल अस्पताल नंगल में उपचाराधीन है।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सिमरनजीत सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने तीनों घायलों के बयान दर्ज कर लिए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल झगड़े के कारणों का पता नहीं चल पाया है। इस संबंध में इंस्पेक्टर सिमरनजीत सिंह ने बताया कि घटना में शामिल दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

