मोगा में शराब के ठेके को लेकर खूनी विवाद, चली गोलियां
punjabkesari.in Friday, Aug 07, 2026 - 07:24 PM (IST)
मोगा (आजाद) : मोगा जिले में शराब के ठेके को लेकर गोलियां चलने की वारदात सामने आई है। मिली जानकारी के अनुसार, जिले के गांव जीता सिंह वाला में शराब का ठेका खोलने को लेकर गांव के ही कुछ युवकों द्वारा भारी विरोध जताया जा रहा है। इसी बात को लेकर हथियारबंद युवकों द्वारा शराब का ठेका खोलने के लिए जगह देने वाले व्यक्ति पर पहले तो उक्त जगह पर बने कमरे की छत गिराई गई थी लेकिन अब उन द्वारा राजविन्द्र सिंह तथा उसके साथी सुखमन्द्र सिंह पर जानलेवा हमला करने की नीयत से गोलियां चलाए जाने का मामला सामने आया है।
गोली चलने की घटना का पता लगने पर डी.एस.पी. बाघापुराना जसबिन्द्र सिंह तथा थाना प्रभारी जनक राज के अलावा सहायक थानेदार जगतार सिंह व अन्य पुलिस मुलाजिम वहां पहुंचे और जांच के अलावा आसपास के लोगों से पूछताछ की गई। इस संबंध में जानकारी देते हुए थाना प्रभारी जनक राज ने बताया कि पुलिस को दिए शिकायत पत्र में राजविन्द्र सिंह ने कहा कि गत दिवस गांव के अंदर बने ठेके को बाहर शिफ्ट किया जाना था और हमें संदेह था कि कुछ युवक इसका विरोध करेंगे, जिस पर मैं तथा सुखमन्द्र सिंह ठेके वाली दुकान के सामने बने पंचायती छप्पड़ के नजदीक मोटर की छत पर बैठकर निगरानी कर रहे थे।
देर रात हमारे गांव का युवक जसपाल सिंह उर्फ जस्सा जो मोटरसाइकिल पर गांव माड़ी की तरफ से हमारे गांव की तरफ आया और उसने हमें छत पर बैठे देखा और कुछ समय बाद ही वहां लगे बिजली ट्रांसफॉर्मर की किसी ने स्विच काटकर बिजली बंद कर दी। कुछ समय बाद ही कई मोटरसाइकिलों पर हथियारों सहित युवक वहां आ धमके और उन्होंने हमसे गालीगलौज करने के अलावा धमकियां देनी शुरू कर दीं। इसी दौरान जसपाल सिंह जस्सू ने हमें मार देने की नीयत से 4-5 गोलियां दाग दी। जिस पर हम छत से छलांग लगाकर खेतों की तरफ भाग गए।
इसी दौरान हमें गांव के पूर्व सरपंच बलविन्द्र सिंह का फोन आया और मैंने सारी बात बताई। जिस पर पूर्व सरपंच बलविन्द्र सिंह ने फोन काटकर अपने घर से ही हमें बचाने के लिए हवाई फायर किए और पुलिस को सूचित किया। थाना प्रभारी जनक राज ने बताया कि इस संबंध में राजविन्द्र सिंह की शिकायत पर हरप्रीत सिंह उर्फ लाली, जसप्रीत संह उर्फ काकू, चमकौर सिंह, जसवीर सिंह उर्फ निक्का, जसपाल सिंह उर्फ जस्सू तथा जसपाल सिंह उर्फ जस्सा सभी निवासी गांव जीता सिंह वाला के खिलाफ अलग-अलग धाराओं के तहत थाना बाघापुराना में मामला दर्ज किया गया है।
इस मामले की जांच कर रहे सहायक थानेदार जगतार सिंह ने बताया कि गत 2 अगस्त को भी शराब के ठेके की छत गिराने के मामले को लेकर राजविन्द्र सिंह की शिकायत पर जसपाल सिंह, जसप्रीत सिंह, हरप्रीत सिंह तथा गुरमीत सिंह के खिलाफ अलग-अलग धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि उक्त मामले में 2 युवकों जसवीर सिंह उर्फ निक्का तथा जसपाल सिंह उर्फ जस्सा को काबू किया जा चुका है, जिन्हें आज अदालत में पेश कर 2 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया जबकि अन्यों को काबू करने के लिए छापामारी की जा रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

