बर्थडे केक लेने गई मां-बेटी, खूनी डोर ने काट दिया मासूम का गला

punjabkesari.in Sunday, Jan 17, 2021 - 11:07 AM (IST)

लुधियाना(राज): लोहड़ी खत्म होने के बाद भी लोग प्लास्टिक डोर से पतंगबाजी करने से बाज नहीं आ रहे। यह प्लास्टिक डोर किसी न किसी को अपना निशाना बनाती जा रही है। अब डोर ने एक महिला और उसकी 3 साल की बच्ची को अपना निशाना बनाया। 

यह हादसा उस समय हुआ जब बच्ची माता-पिता के साथ बर्थ-डे केक लेने के लिए जा रही थी। प्लास्टिक डोर मासूम के गले से लिपट गई। बच्ची के गले से डोर हटाते समय उसकी मां के हाथ का अंगूठा भी डोर की चपेट में आ गया। बच्ची के गले पर कट लगने से गहरा घाव हो गया। बच्ची को गंभीर हालत में सी.एम.सी. अस्पताल ले जाया गया जहां उसके गले पर 15 टांके लगे। जबकि उसकी मां के अंगुठे पर 5 टांके लगे। शनिवार शाम को बच्ची को अस्पताल से छुट्टी मिली।

इस संबंधी पवन ने बताया कि उसकी 3 साल की बेटी है। 15 जनवरी को उसकी बेटी का जन्मदिन था जिसके लिए वह अपनी पत्नी सुनैना व बेटी के साथ बच्ची के लिए बर्थ-डे केक लेने जा रहा था। जब वह शिंगार सिनेमा रोड पर पहुंचे तो अचाकन कहीं से प्लास्टिक डोर आकर बच्ची के गले से लिपट गई। उसकी पत्नी डोर को हटाने लगी, इस दौरान सुनैना के हाथ के अंगुठे पर गहरा घाव हो गया। जब डोर बच्ची के गले से हटाई तो बच्ची के गले पर गहरा घाव था। उसकी बच्चे के गले से खून निकलना बंद नहीं हो रहा था, साथ ही उसके पत्नी के हाथ से भी खून निकल रहा था। इसके बाद वह तुंरत अपनी पत्नी और बेटी को सी.एम.सी. अस्पताल ले गया।

Sunita sarangal