BMC चौक पर Traffic Signal बंद, रात के अंधेरे में तारें काटकर ले गए चोर, CCTV में कैद हुई घटना

punjabkesari.in Monday, Sep 21, 2026 - 09:38 AM (IST)

जालंधर (खुराना): जालंधर शहर में लंबे समय से ट्रैफिक लाइट सिस्टम को लेकर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शहर के कई स्थानों पर ट्रैफिक सिग्नल खराब या बंद रहने के कारण जहां यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है, वहीं इसके लिए नगर निगम को भी अक्सर आलोचना का सामना करना पड़ता है। अब बीएमसी चौक पर ट्रैफिक सिग्नल सिस्टम की बिजली की तारें काटकर चोरी किए जाने का मामला सामने आया है।

खास बात यह है कि आजकल शहर में 14 करोड की लागत से ट्रैफिक लाइट सिस्टम को अपग्रेड करने का काम चल रहा है जिसके तहत हाल ही में इस चौक में नया सिस्टम लगाया गया है । जानकारी के अनुसार 18 सितम्बर की रात करीब 9 बजे कुछ अज्ञात लोगों ने बीएमसी चौक के मुख्य चौराहे पर लगे ट्रैफिक सिग्नल सिस्टम की बिजली की तारें काट दीं और उन्हें चोरी कर लिया। तारें कटने के बाद बीएमसी चौक का ट्रैफिक सिग्नल सिस्टम काम करना बंद कर गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद मामले को गंभीरता से लिया गया है। बताया गया है कि घटना की वीडियो फुटेज इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आई.सी.सी.सी.) से जुड़े सी.सी.टी.वी. कैमरों में कैद हुई है। संबंधित फुटेज उपलब्ध होने के कारण अज्ञात आरोपियों की पहचान करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

गौरतलब है कि बीएमसी चौक ( जिसे संविधान चौक भी कहा जाता है) शहर के प्रमुख और व्यस्त चौराहों में शामिल है। ऐसे में ट्रैफिक सिग्नल के बंद होने से यातायात व्यवस्था प्रभावित होने के साथ-साथ सड़क सुरक्षा पर भी असर पड़ सकता है। संबंधित अधिकारियों से मामले को प्राथमिकता के आधार पर देखने तथा आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की गई है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News