लापता इलैक्ट्रीशियन का शव नहर से बरामद

punjabkesari.in Sunday, Feb 16, 2020 - 10:28 AM (IST)

अबोहर(रहेजा, भारद्वाज): करीब 2 सप्ताह पहले घर से लापता हुए गली नं. 1-बी निवासी इलैक्ट्रीशियन विजय शर्मा का शव राय सिंह नगर (राजस्थान) के नजदीक से गुजरती नहर से बरामद हुआ है। शव की हालत खराब होने के कारण उसका अंतिम संस्कार राय सिंह नगर में ही कर दिया गया। 

गौरतलब है कि गली नं. 1-बी निवासी करीब 40 वर्षीय बिजली मैकेनिक विजय शर्मा पिछले काफी समय से आर्थिक तंगी के कारण मानसिक रूप से परेशान रहता था। लगभग 12 दिन पहले वह अचानक अपने घर से लापता हो गया था। विजय शर्मा की पत्नी ज्योति ने उसके लापता होने की रिपोर्ट भी दर्ज करवाई हुई थी।

राय सिंह नगर के नजदीक नहर से विजय शर्मा का शव बरामद होने पर उसकी जेब से मिले कागजों के आधार पर राजस्थान पुलिस ने अबोहर में उसके परिजनों से सम्पर्क किया तो मृतक की पत्नी ने अपने परिजनों सहित राय सिंह नगर में पहुंच कर शव की पहचान की। शव की हालत काफी खराब होने के कारण मृतक विजय शर्मा का अंतिम संस्कार राय सिंह नगर में ही कर दिया गया।  

Edited By

Sunita sarangal