इंटरनेशनल एंटी-खालिस्तानी आतंकवादी फ्रंट के राष्ट्रीय प्रधान को मिली बम से उड़ाने की धमकी

punjabkesari.in Thursday, Jun 25, 2026 - 12:12 PM (IST)

लुधियाना, (राज): पंजाब में देश विरोधी ताकतों और गैंगस्टरों के खिलाफ आवाज बुलंद करने वाले हिंदू संगठनों के नेताओं को धमकियां मिलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब एक नया और बेहद गंभीर मामला सामने आया है, जहां 'इंटरनेशनल एंटी-खालिस्तानी आतंकवादी फ्रंट' के राष्ट्रीय प्रधान को सरेआम घर पर बम फेंककर उड़ाने की धमकी दी गई है। यह धमकी किसी और ने नहीं, बल्कि कुख्यात गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों द्वारा एक विदेशी नंबर के जरिए व्हाट्सएप पर कॉल और मैसेज करके दी गई है। पीड़ित नेता की शिकायत पर लुधियाना पुलिस ने तुरंत जांच की कमान संभाल ली है।

विदेशी व्हाट्सएप नंबर से आया कॉल, दी रोंगटे खड़े कर देने वाली धमकी
पुलिस को दिए बयानों में पीड़ित संगठन प्रमुख गुरसिमरन सिंह मंद ने बताया कि वह मौजूदा समय में इंटरनेशनल एंटी-खालिस्तानी आतंकवादी फ्रंट के राष्ट्रीय प्रधान (National President) के तौर पर देश की एकता और अखंडता के लिए काम कर रहे हैं। इसी सामाजिक और राष्ट्रीय सक्रियता के कारण वे लगातार राष्ट्रविरोधी तत्वों के निशाने पर हैं। शिकायतकर्ता के मुताबिक, बीती 17 जून को वह अपने काम के सिलसिले में मौजूद थे, तभी उनके निजी मोबाइल नंबर 95016-15555 पर एक अज्ञात व्हाट्सएप कॉल आई। पीड़ित ने जब फोन उठाया, तो दूसरी तरफ से बात कर रहे व्यक्ति ने खुद की पहचान गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों के रूप में करवाई। आरोप है कि गोल्डी ढिल्लों ने फोन पर बात करते हुए पीड़ित नेता के साथ बेहद अश्लील और गंदी गाली-गलौज की। जब मुदई ने इसका विरोध किया, तो गैंगस्टर ने उन्हें और उनके पूरे परिवार को जान से मारने की नीयत से उनके घर के भीतर 'बम फेंककर' उड़ा देने की रोंगटे खड़े कर देने वाली सीधी धमकी दी।

पुर्तगाल के नंबर का हुआ इस्तेमाल, पुलिस ने टेक्निकल सेल को सौंपी जांच
पीड़ित नेता ने बताया कि गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों द्वारा उन्हें धमकाने के लिए जिस व्हाट्सएप नंबर का इस्तेमाल किया गया था, वह एक विदेशी नंबर था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वह नंबर +351920061648 है, जिसका कंट्री कोड (+351) यूरोपीय देश पुर्तगाल का है। गैंगस्टर अक्सर कानून की आंखों में धूल झोंकने के लिए ऐसे वर्चुअल और विदेशी नंबरों का इस्तेमाल करते हैं।

सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी मजबूत, आरोपियों के रूट खंगाल रही पुलिस
इस संवेदनशील और हाई-प्रोफाइल मामले की सूचना मिलते ही लुधियाना पुलिस कमिश्नरेट के उच्च अधिकारियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने पीड़ित नेता की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तुरंत मामले की पड़ताल शुरू कर दी है। स्थानीय थाना पुलिस के आला अधिकारियों का कहना है कि देशविरोधी ताकतों के खिलाफ बोलने वाले नेताओं की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। इस धमकी के बाद पीड़ित नेता और उनके परिवार की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है और उनके घर के आसपास पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। मामले की तकनीकी जांच के लिए लुधियाना पुलिस के साइबर और टेक्निकल सेल की मदद ली जा रही है ताकि इस विदेशी नंबर के आईपी एड्रेस और इसके पीछे छिपे स्थानीय मददगारों का सुराग लगाया जा सके। पुलिस का दावा है कि कानून का उल्लंघन करने वाले और अमन-शांति को चुनौती देने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News