Video: हैरोइन तस्करी में BSF का जवान 4 साथियों सहित गिरफ्तार

punjabkesari.in Wednesday, Jun 26, 2019 - 10:10 PM (IST)

अमृतसर(संजीव): स्पैशल टास्क फोर्स ने एक ऑप्रेशन के दौरान हैरोइन की तस्करी करने वाले बी.एस.एफ. के जवान सुनील कुमार चौरे निवासी बनीबोर तलाई मध्य प्रदेश को ग्वाल मंडी के समीप से गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर बी.एस.एफ. कॉम्पलैक्स में स्थित उसके क्वार्टर से 1.15 किलो हैरोइन बरामद की गई। सुनील कुमार चौरे को आज उस समय दबोचा गया जब वह सप्लाई की गई हैरोइन की ड्रग मनी लेने आया था। 

एस.टी.एफ. द्वारा गत सुबह अमृतसर छावनी रोड से 4 हैरोइन तस्करों गौरव शर्मा निवासी बटाला रोड, अश्विनी कुमार जलेबी निवासी कटड़ा आहलुवालिया, पवन कुमार निवासी इन्द्रा कालोनी व रजिन्द्र कुमार राजू निवासी निक्का सिंह कालोनी को एक क्रेटा कार (नंबर पी.बी. 02 डी.पी. 5535) सहित गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 305 ग्राम हैरोइन व 1.16 लाख रुपए की भारतीय करंसी बरामद की गई। चारों तस्करों से की गई पूछताछ के बाद उन्हें हैरोइन की सप्लाई करने वाले बी.एस.एफ. के जवान सुनील कुमार चौरे का नाम पता चला। वहीं बरामद हुई हैरोइन की कीमत अंतर्राराष्ट्रीय बाजार में 6.6 करोड़ आंकी गई है। यह खुलासा आज स्पैशल टास्क फोर्स के ए.आई.जी. रछपाल सिंह ने एक पत्रकार सम्मेलन दौरान किया, उनके साथ डी.एस.पी. सोहन सिंह, इंस्पैक्टर वरनीत सिंह व अन्य अधिकारी शामिल थे।

जांच दौरान बी.एस.एफ. के जवान ने किए खुलासे
सीमा सुरक्षा बल के जवान सुनील कुमार चौरे की गिरफ्तारी के बाद जहां उसने बी.एस.एफ. काम्पलैक्स में स्थित अपने क्वार्टर से हैरोइन के 3 पैकेट बरामद करवाए, वहीं उसने बताया कि वर्ष 2018 में वह बी.पी.ओ. पोस्ट दाऊके के नाका नंबर 9 पर तैनात था। सर्दियों के दिनों में वह कोहरे में रात की ड्यूटी कर रहा था कि उसे पाकिस्तान की ओर से पैकेटों में फैंकी गई हैरोइन बरामद हुई, जिसे उसने अपने कब्जे में लेकर क्वार्टर में छिपा लिया और इस बारे में अपने अधिकारियों को कोई जानकारी नहीं दी। उस हैरोइन में से उसने 305 ग्राम हैरोइन गिरफ्तार किए गए अश्विनी कुमार जलेबी को बेच दी। जिसकी ड्रग मनी लेने के लिए आज वह उनके पास जा रहा था। पुलिस ने उक्त सभी आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लिया है।

हरियाणा के झज्जर में तैनात है बी.एस.एफ. का जवान  
ए.आई.जी. सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किया गया बी.एस.एफ. का जवान सुनील कुमार चौरे इस समय हरियाणा के झज्जर में तैनात है। जिसकी सूचना उसकी बटालियन को भेज दी गई है। सुनील कुमार के विरुद्ध दर्ज किया गया एन.डी.पी.एस. एक्ट का मामला स्थानीय अदालत में चलेगा जबकि दूसरी ओर उसका विभाग अपनी कार्रवाई अलग से करेगा। 

Vaneet