बरनाला के लापता दोनों बच्चे सुरक्षित लौटे! सुनाई रोंगटे खड़े कर देने वाली दास्तान

punjabkesari.in Saturday, Jul 11, 2026 - 04:23 PM (IST)

बरनाला (पुनीत) : बरनाला से पिछले कुछ दिनों से लापता हुए दो 13–14 वर्षीय बच्चों के सुरक्षित वापस मिलने से पूरे परिवार और शहर ने राहत की सांस ली है। बच्चों के अचानक गायब होने से शहर में दहशत का माहौल था, लेकिन पुलिस की लगातार तलाश और परिवार की कोशिशों के बाद दोनों बच्चे सकुशल घर लौट आए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

पुलिस ने बरामद किए गए दोनों बच्चों को कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि 8 जुलाई को दो नाबालिग बच्चों के लापता होने की सूचना मिली थी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने विशेष टीमों का गठन कर सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी।
जांच के दौरान पता चला कि दोनों बच्चे रेलवे स्टेशन तक पहुंचे थे, लेकिन उसके बाद उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया। अब बच्चों के वापस लौटने के बाद पुलिस उनके बयानों के आधार पर मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

Kidnapping Case

बच्चों ने पुलिस को बताया कि रेलवे स्टेशन के पास पहुंचते ही एक अज्ञात व्यक्ति ने उनकी आंखों पर पट्टी बांध दी, मुंह बंद कर दिया और उन्हें जबरन ट्रेन में बैठाकर सहारनपुर ले गया। बच्चों के अनुसार, उस व्यक्ति ने उनके हाथ-पैर भी बांध दिए थे और वह यह कह रहा था कि वह उनके माता-पिता से फिरौती की मांग करेगा और बाद में उन्हें जान से मार देगा।

बच्चों ने आगे बताया कि ट्रेन के सफर के दौरान उन्हें किसी अन्य व्यक्ति की आवाज सुनाई दी। उन्होंने हिम्मत जुटाकर शोर मचाया, जिसके बाद उस व्यक्ति ने उनकी मदद की। पूछताछ करने के बाद उसने दोनों बच्चों को सुरक्षित बरनाला जाने वाली ट्रेन में बैठा दिया, जिससे वे सकुशल अपने घर वापस पहुंच गए।

फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि बच्चों के बयानों और अन्य सबूतों के आधार पर हर पहलू की जांच की जा रही है। यदि जांच में कोई भी व्यक्ति दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उधर, दोनों बच्चों के सुरक्षित लौट आने से परिवार में खुशी का माहौल है। परिजनों ने पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी लगातार मेहनत और प्रयासों की बदौलत उनके बच्चे सुरक्षित घर लौट सके।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News