हरसिमरत कौर बादल के इस्तीफे पर रणजीत सिंह ब्रह्मपुरा का बड़ा बयान

punjabkesari.in Saturday, Sep 19, 2020 - 12:23 PM (IST)

अमृतसर (ममता): शिरोमणि अकाली दल (टकसाली) के प्रधान रणजीत सिंह ब्रह्मपुरा ने बीबी हरसिमरत कौर बादल के इस्तीफे को एक राजनीतिक नाटक बताया है।उन्होंने कहा कि अगर सच में बादलों को किसानों के लिए दुख होता तो इस्तीफा पहले देना चाहिए था।


ब्रह्मपुरा ने बताया कि बादलों ने कुछ दिन पहले इस कृषि आर्डीनेंस बिल के हक में जमकर अखबारों में तारीफें की थीं कि यह बिल पंजाब की किसानी के लिए ठीक है। प्रकाश सिंह बादल भी सोशल मीडिया के ज़रिए इस बिल के हक में आए थे लेकिन जब अब किसान सड़कों पर उतरे तो यह बेतुका नाटक करके बीबी बादल से इस्तीफ़ा दिलवा दिया। यह सिर्फ़ और सिर्फ़ दोगली राजनीति है। उन्होंने कहा कि बीबी बादल ने अपनी कुर्सी भी गंवाई और विश्वास भी खो लिया है।

यह इस्तीफ़ा लोगों को गुमराह करने के लिए दिया गया। ब्रह्मपुरा ने कहा कि वास्तव में अब किसानों का गुस्सा बढ़ गया है, हरसिमरत कौर का इस्तीफ़ा सिर्फ़ एक दिखावा है। आज पंजाब का किसान भयानक गर्मी में सड़कों पर बेकार पड़ रहा है और कैप्टन अमरिन्दर सिंह की सरकार उन पर डांगे चला रही है। क्या यह अन्नदाता के साथ इंसाफ हो रहा है। उन्होंने सुखबीर सिंह बादल को किसान विरोधी करार दिया। इस दौरान सीनियर नेता रवीन्द्र सिंह ब्रह्मपुरा ने कहा कि पंजाब के लोग अब बादलों की बातों में नहीं आऐंगे।

Vatika