PCR दस्ते की बहादुरी : लूटपाट एवं चोरी करने वाले गिरोह को पकड़ किया पुलिस के हवाले

punjabkesari.in Friday, Jan 20, 2023 - 10:04 AM (IST)

लुधियाना : पुलिस कमिश्नर मनदीप सिंह सिद्धू ने आते ही ए.डी.सी.पी. समीर वर्मा के हाथ में पी.सी.आर. की कमान देकर उन्हें एक्टिव कर दिया था जिसके बाद लगातार पी.सी.आर. दस्ता अपराधियों को पकड़ने में अहम भूमिका निभा रहा है।

इसी कड़ी में पी.सी.आर. दस्ते ने लूटपाट और चोरी करने वाले गिरोह के 3 सदस्यों को पकड़कर थाना पुलिस के हवाले किया है। आरोपी मनदीप सिंह उर्फ दीपा, बिशाखा सिंह उर्फ मोठा और गगनदीप सिंह है। उनसे 1 मारुति कार, 9 मोटरसाइकिल, 4 मोबाइल और तेजधार हथियार बरामद हुए हैं। थाना लाडोवाल में आरोपियों क खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

पुलिस कमिश्नर मनदीप सिंह सिद्धू, ज्वाइंट सी.पी. सौम्या मिश्रा और ए.डी.सी.पी. समीर वर्मा ने बताया कि पी.सी.आर. दस्ते के ए.एस.आई. मनजीत सिंह और ए.एस.आई. राज कुमार हंबड़ा रोड पर गश्त कर रहे थे। इस दौरान उन्हें सूचना मिली कि हंबड़ा इलाके में एक खाली प्लाट में कुछ युवक बैठे हुए हैं, जोकि लूटपाट करने के आदी हैं। इस पर पी.सी.आर. मुलाजिमों ने प्लाट की घेराबंदी कर चौकी हंबड़ा की पुलिस को सूचना दी जिसके बाद पुलिस पार्टी मौके पर पहुंच गई। पी.सी.आर. ने चौकी पुलिस की मदद से तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। फिर उनकी निशानदेही पर लूट और चोरी का सामान बरामद हुआ।

नशे के लिए करते थे वारदातें, चोरीशुदा सामान औने-पौने दामों में बेचते थे

ए.डी.सी.पी. समीर वर्मा का कहना है कि तीनों आरोपी नशा करने के आदी हैं और नशा पूर्ति के लिए ही वारदातों को अंजाम देते थे। आरोपी चोरीशुदा सामान और वाहन औने-पौने दामों में प्रवासी मजदूरों को ही बेच देते थे। पुलिस का कहना है कि आरोपी मनदीप और बिशाखा के खिलाफ पहले भी केस दर्ज हैं जोकि जेल से जमानत पर बाहर आए हुए थे।

आरोपियों को पकड़ने वालों को मिलेगा ईनाम

पुलिस कमिश्नर मंदीप सिंह सिद्धू ने बताया कि पी.सी.आर. मुलाजिम अपनी ड्यूटी बखूबी निभा रहे हैं। अपनी ड्यूटी निभाने वाले पी.सी.आर. के ए.एस.आई. मनजीत सिंह और ए.एस.आई. राज कुमार को 11,000 रुपए नकद ईनाम और डी.जी.पी. डिस्क से नवाजा जाएगा। इसके अलावा चौकी इंचार्ज गुरमीत सिंह और उनके 2 साथियों को 5100 रुपये ईनाम और प्रशंसा पत्र दिया जाएगा।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here

अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

News Editor

Kalash