Breaking : कांग्रेस नेता की सड़क हादसे में मौत, सोनीपत के पास भीषण हादसे में गई जान
punjabkesari.in Thursday, Apr 02, 2026 - 08:26 PM (IST)
बठिंडा/तलवंडी साबो (विजय वर्मा) : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता खुशबाज जटाणा के सोनीपत के नजदीक हुए एक भीषण सड़क हादसे में निधन होने की दुखद खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि इस दर्दनाक दुर्घटना में उनके साथ मौजूद ड्राइवर व कुछ गनमैन भी अपनी जान गंवा चुके हैं। खबर फैलते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। जटाणा कांग्रेस की टिकट पर कई बार चुनाव लड़ चुके हैं।
जानकारी के अनुसार, खुशबाज जाटाना दिल्ली में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ एक अहम बैठक में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनका वाहन हादसे का शिकार हो गया। दुर्घटना इतनी भयानक बताई जा रही है कि मौके पर ही कई लोगों की मौत की आशंका है। खुशबाज जाटाना कांग्रेस के मजबूत और जमीनी नेता माने जाते थे। वे तलवंडी साबो से कांग्रेस की टिकट पर चुनाव भी लड़ चुके थे और जिला बठिंडा देहाती के अध्यक्ष के रूप में पार्टी को मजबूती दी थी। पार्टी में उनकी पकड़ और जनाधार काफी मजबूत था।
उनके निधन की खबर से बठिंडा और तलवंडी साबो क्षेत्र में गहरा शोक छा गया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों की आंखें नम हैं और हर कोई इस दुखद खबर से स्तब्ध है। कई स्थानों पर शोक सभाएं आयोजित की जा रही हैं। राजनीतिक हलकों में भी इस घटना को कांग्रेस के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। पार्टी के एक अनुभवी और सक्रिय नेता के रूप में उनकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी।


