Breaking : पंजाब के पूर्व मंत्री को ED ने उठाया, बड़े घोटाले में सामने आया नाम

punjabkesari.in Monday, Jan 15, 2024 - 07:49 PM (IST)

जालंधर (मृदुल) : पंजाब से इस समय बड़ी खबर सामने आ रही है। जानकारी मिली है कि पूर्व कांग्रेसी नेता तथा पंजाब के पूर्व मंत्री साधु सिंह धर्मसोत को ई.डी. ने गिरफ्तार कर लिया है। धर्मसोत की गिरफ्तारी वन घोटाले में हुई है। पिछले काफी देर से ई.डी. इस मामले में जांच कर रही थी, जिसके बाद आज ई.डी. ने धर्मसोत को गिरफ्तार कर लिया है। गौरतलब है कि धर्मसोत कांग्रेस की पूर्व सरकार के समय, जब कैप्टन अमरेंद्र सिंह मुख्यमंत्री थे, तब पंजाब में वन मंत्री के पद पर तैनात रहे हैं। जालंधर के ई.डी. विंग की तरफ से पिछले दिनों धर्मसोत के अमलोह स्थित घर पर रेड की गई थी, इस दौरान धर्मसोत के साथ-साथ वन विभाग के जुड़े कुछ अन्य आफिसरों तथा ठेकेदारों के घरों पर भी रेड हुई थी। 

गौरतलब है कि इस मामले में पंजाब सरकार की तरफ से भी जांच की जा रही है तथा पंजाब के विजीलैंस विभाग ने वन विभाग में पेड़ों के हुए घोटाले को लेकर एक मामला दर्ज किया था, जिसमें धर्मसोत को गिरफ्तार भी किया गया था। कुछ देर पहले ही वह जमानत पर जेल से बाहर आए थे। 

विजीलैंस की जांच में यह सामने आया था कि 1 मार्च 2016 से 31 मार्च 2022 तक धर्मसोत मंत्री रहे थे, और इस दौरान उनकी आय 2.37 करोड़ रुपए थी। जबकि उनकी तरफ से 8.76 करोड़ रुपए खर्च किए गए। यह खर्च किस तरह से उन्होंने किया, इस मामले को लेकर जांच की जा रही थी। विजीलैंस ब्यूरो ने जून 2022 को धर्मसोत को उनके दो अन्य साथियों के साथ गिरफ्तार किया था। मोहाली के डी.एफ.ओ. गुरमनप्रीत सिंह तथा ठेकेदार हरमिंद्र सिंह के एक स्टिंग में धर्मसोत की पोल खुली थी। इस स्टिंग में गुरमनप्रीत को कथित तौर पर एक फार्म हाऊस की बिक्री के लिए 2 लाख रुपए की रिश्वत मांगते देखा गया था। जानकारी के अनुसार ई.डी. ने आज धर्मसोत को पूछताछ के लिए जालंधर कार्यालय बुलाया था। कार्यालय में ही पूछताछ के बाद धर्मसोत को गिरफ्तार कर लिया गया। विभाग के आलाधिकारियों ने इस बात की पुष्टि की है। 

 

Content Editor

Subhash Kapoor