Breaking : पंजाब में अकाली नेता पर चली गोलियां, पुलिस खंगाल रही CCTV
punjabkesari.in Monday, Jul 13, 2026 - 11:36 PM (IST)
बठिंडा : पंजाब में एक बार फिर कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। मानसा जिले के बरेटा कस्बे में शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता और पूर्व जिला परिषद सदस्य दलवीर सिंह उर्फ काला जवंदा पर अज्ञात हमलावर ने दिनदहाड़े फायरिंग कर दी। इस हमले के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार दलवीर सिंह उर्फ काला जवंदा अपनी आढ़त की दुकान से घर लौट रहे थे। इसी दौरान एक बाइक सवार युवक उनके करीब पहुंचा और पिस्तौल से फायरिंग कर दी। गोली उनके पेट में लगी, जिसके बाद वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल बुढलाडा पहुंचाया।
डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए लुधियाना रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि फिलहाल उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है और डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हमलावर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार होकर आया था और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और पुलिस ने विभिन्न नाकों पर चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है।
सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावर की पहचान की जा सके और वारदात के पीछे की वजह का पता लगाया जा सके।

