2000 रुपए रिश्वत लेता जे.ई. रंगे हाथों गिरफ्तार

punjabkesari.in Sunday, May 20, 2018 - 08:52 AM (IST)

पटियाला (बलजिन्द्र): विजीलैंस ब्यूरो पटियाला ने एस.एस.पी. जसप्रीत सिंह के नेतृत्व में पी.एस.पी.सी.एल. ग्रिड रोहड़ जागीर को तहसील दुधन साधां जिला पटियाला के सहायक जे.ई. सुखजिंदर गिर को 2000 रुपए रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार करने का दावा किया है। इसके खिलाफ थाना विजीलैंस ब्यूरो पटियाला में 7, 13, (2) पी.सी. एक्ट 1988 के अंतर्गत केस दर्ज कर लिया है।

विजीलैंस ब्यूरो के पास इस संबंध में रणजीत सिंह पुत्र संतोख सिंह वासी गांव पठाणमाजरा तहसील दुधन साधां जिला पटियाला ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसके पास गांव पठान माजरा में साढ़े 5 किल्ले खेतीयोग जमीन है, जिसमें लगा ट्रांसफार्मर आसमानी बिजली गिरने के कारण जल गया था। इसके लिए वह संबंधी सहायक जे.ई. सुखजिंदर सिंह को मिला, जिसने ट्रांसफार्मर रखने के बदले 2 हजार रुपए रिश्वत की मांग की थी। विजीलैंस ने ट्रैप लगाकर इंस्पैक्टर प्रितपाल सिंह के नेतृत्व में सहायक जे.ई. सुखजिंदर सिंह को सरकारी और प्राइवेट गवाहों की उपस्थिति में देवीगढ़ ग्रिड से कुछ दूरी पर गिरफ्तार कर लिया।

सहायक जे.ई सुखजिंदर सिंह इस ट्रांसफार्मर का जैम्फर और स्विच ठीक करने के बदले पहले भी 3000 रुपए रिश्वत हासिल कर चुका है। उक्त सहायक जे.ई. को गिरफ्तार करने में ए.एस.आई. पवित्तर सिंह, हवलदार कुंदन सिंह, विजय शारदा, अमरजीत सिंह और जगतार सिंह ने अहम भूमिका निभाई।

Anjna