लव मैरिज के 2 महीने बाद दुल्हन नाबालिग देवर संग फरार, इंस्टाग्राम रील से मचा बवाल
punjabkesari.in Friday, Jul 03, 2026 - 03:37 PM (IST)
लुधियाना (राज): महानगर के थाना मेहरबान के अधीन आते इलाके में पारिवारिक और सामाजिक रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने हर किसी के होश उड़ा दिए हैं। यहां महज 2 महीने पहले बड़े चाव से लव मैरिज कर घर आई एक नई नवेली दुल्हन अपनी सहेली के साथ मिलकर अपने ही 14 साल के नाबालिग देवर को बहला-फुसलाकर घर से भगा ले गई।
आरोपी भाभी घर में रखे सोने के गहने और नकदी पर भी हाथ साफ कर गई है। वारदात के बाद आरोपी भाभी ने लुधियाना रेलवे स्टेशन से नाबालिग देवर की एक रील इंस्टाग्राम पर पोस्ट की, जिसमें उसके चेहरे पर 'किश' (Kiss) वाली इमोजी लगाई गई है। पीड़ित पिता की शिकायत पर थाना मेहरबान की पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ अपहरण व अन्य संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पीड़ित पिता ने पुलिस को दिए अपने बयानों में बताया कि उनके 3 बेटे हैं। उनके सबसे बड़े बेटे सन्नी सिंह और आरोपी युवती मुस्कान एक ही फैक्टरी में काम करते थे। वहीं पर दोनों के बीच प्यार हो गया। करीब 2 महीने पहले दोनों ने लव मैरिज कर ली, जिसके बाद परिजनों ने भी समाज के सामने दोनों की धूमधाम से शादी करवा दी थी।
बाकी दोनों छोटे बेटे अभी कुंवारे हैं, जिनमें से सबसे छोटा बेटा महज 14 साल का है और स्कूल में पढ़ता है। पिता के मुताबिक, मुस्कान का घर में व्यवहार पहले काफी अच्छा था और उसका अपने सबसे छोटे देवर के साथ काफी लगाव था। इन दिनों स्कूल की छुट्टियां होने के कारण छोटा बेटा पूरा दिन घर पर ही रहता था। इसी का फायदा उठाकर भाभी ने उसे अपनी बातों में फंसा लिया। साजिश के तहत मुस्कान ने पहले अपनी एक सहेली को घर बुलाया, जो रात भर उसके साथ रही। अगले दिन सुबह जब घर के सभी पुरुष अपनी-अपनी ड्यूटी पर चले गए, तो पीछे से दोपहर करीब 12 बजे बहू अपनी सहेली और नाबालिग देवर को लेकर घर से रफूचक्कर हो गई।
जब पीड़ित पिता काम छोड़कर घर पहुंचा, तो दोनों के मोबाइल फोन बंद आ रहे थे। काफी तलाश करने के बाद जब आस-पास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए, तो होश उड़ाने वाला सच सामने आया। फुटेज में साफ दिख रहा है कि बहू मुस्कान ने अपना मुंह कपड़े से लपेटा हुआ है और नाबालिग देवर की पीठ पर स्कूल बैग टंगा है, जिन्हें उसकी सहेली साथ ले जा रही है। इसके तुरंत बाद बहू ने इंस्टाग्राम पर एक रील पोस्ट की, जिसमें नाबालिग देवर रेलवे स्टेशन की सीढ़ियों पर अकेला बैठा नजर आ रहा है और उसके चेहरे पर आपत्तिजनक इमोजी लगी है। इसके तुरंत बाद उसने अपनी आईडी और नया मोबाइल स्विच ऑफ कर लिया।
इस पूरे ड्रामे के बीच नाबालिग देवर के मोबाइल से उसके सगे चाचा को एक बेहद खौफनाक व्हाट्सएप मैसेज आया, जिसमें उसने लिखा, "मुझे भाभी का कुछ पता नहीं है, मुझे यहां कुछ अज्ञात लोगों ने पकड़ रखा है।" इस मैसेज के बाद से परिवार बेहद डरा हुआ है। पीड़ित पिता ने आरोप लगाया है कि उनकी बहू मुस्कान ने उनके मासूम बेटे को किसी गलत इरादे से बंधक बनाकर या अवैध हिरासत में रखा हुआ है। जाते-जाते बहू घर में रखे 10,000 रुपए की नकदी और शादी के गहने भी समेट ले गई है। थाना मेहरबान के जांच अधिकारी (IO) अवतार सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़ित पिता के बयानों के आधार पर आरोपी महिला मुस्कान के खिलाफ कानून की संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज कर ली गई है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

