दूल्हे के पिता के कपड़ों पर बच्चे ने गिरा दी दही, पलभर में हुआ कुछ ऐसा कि मच गई अफरा-तफरी

punjabkesari.in Tuesday, Feb 28, 2023 - 09:42 AM (IST)

लुधियाना(राज): शादी समारोह में दूल्हे के पिता के कपड़ों पर एक बच्चे ने दही गिरा दी। जब व्यक्ति अपने कपड़े साफ करने लगा तो बच्चा आंख बचाकर उसके पास पड़ा कैश बैग उठाकर भाग गया। बच्चे ने इतनी शातिराना ढंग से वारदात की, दूल्हे के पिता को पता ही नहीं चल पाया। इस घटना का बाद में जाकर पता चला। जब पैलेस में सीसीटीवी चैक किए गए तो वही बच्चा बैग उठाता हुआ नजर आया। इस मामले में थाना डेहलों की पुलिस ने अज्ञात बच्चे पर केस दर्ज किया है।

शिकायतकर्ता अवतार खान ने पुलिस को बताया कि वह पटियाला के गांव रोहटा साहिब के रहने वाले है। उसके बेटे की शादी थी। गांव से डेहलों के मिलन पैलेस में बारात आई थी। शादी समारोह दौरान एक बच्चा उसके आसपास में घूम रहा था। उन्होंने सोचा कि शायद शादी में आए किसी परिवार का बच्चा होगा। कुछ समय बाद उनकी पैंट पर दही लगी थी तो बच्चे ने बताया कि दही लगी है।

वह बैग कुर्सी पर रख पैंट साफ करने लगा तो पीछे से बच्चा बैग उठा कर फरार हो गया। जब उन्होंने बैग उठाना चाहा तो बैग गायब था। उन्होंने वहां मौजूद रिश्तेदारों से पूछा तो किसी को कुछ पता नहीं था। उन्होंने उक्त बच्चे के बारे में पूछा, लेकिन बच्चा कौन था किसी को नहीं पता था। अवतार खान के मुताबिक उनके बैग में करीब 85 हजार रुपये की नकदी और सोने की अंगूठी थी। एएसआई रुपिंदर सिंह ने बताया कि आरोपी बच्चे के बारे में अभी कोई सुराग नहीं लगा है। उसकी तलाश में जांच शुरु कर दी है। जल्द ही उसे काबू कर लिया जाएगा।

Content Writer

Vatika