गुरदासपुर में दिन-दहाड़े लूट, बुजुर्ग महिला के कानों से बालियां झपटकर फरार हुए लुटेरे

punjabkesari.in Sunday, Aug 30, 2026 - 09:06 PM (IST)

गुरदासपुर, (हरजिंदर गोराया): थाना धारीवाल के अधीन पड़ते गांव कोट संतोष राय में दिन-दहाड़े लूट की वारदात सामने आई है। घर में अकेली बैठी एक बुजुर्ग महिला के कानों से दोनों बालियां झपटकर दो अज्ञात लुटेरे मोटरसाइकिल पर फरार हो गए। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार, मुंह बांधकर आया एक युवक घर के अंदर दाखिल हुआ और बुजुर्ग महिला के साथ धक्का-मुक्की करते हुए उसके दोनों कानों की बालियां झपट लीं। इस दौरान उसका एक साथी घर के बाहर मोटरसाइकिल स्टार्ट करके खड़ा था। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों मौके से फरार हो गए।

महिला के शोर मचाने पर उसके बेटे अमरीक सिंह और स्थानीय लोगों ने लुटेरों का पीछा किया, लेकिन वे भागने में कामयाब रहे। बताया जा रहा है कि पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

घटना की सूचना 112 नंबर पर दिए जाने के बाद थाना धारीवाल के एसएचओ अमृतपाल सिंह पुलिस पार्टी सहित मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ-साथ सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के लिए कार्रवाई की जा रही है।

पीड़ित महिला के बेटे अमरीक सिंह और पूर्व सरपंच लखविंदर सिंह ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इलाके में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और दिन-दहाड़े वारदातों को अंजाम देने वाले झपटमारों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor