रिश्ते शर्मसार: जमीनी विवाद के चलते भाई का किया बेरहमी से कत्ल

punjabkesari.in Thursday, Jun 30, 2022 - 03:22 PM (IST)

कपूरथला/सुभानपुर (भूषण): मामूली से जमीनी विवाद को लेकर नजदीकी गांव गुडानी में एक व्यक्ति का उसके 2 सगे भाईयों तथा भाभी ने कत्ल कर दिया। थाना सुभानपुर की पुलिस ने मृतक की पत्नी की शिकायत पर उसके 2 सगे भाईयों तथा भाभी के खिलाफ कत्ल का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

जानकारी के अनुसार थाना सुभानपुर के तहत आते गांव गुडानी में जसबीर सिंह (60 वर्ष) पुत्र संतोख सिंह का गांव में पड़ते एक प्लाट तथा खेतों में लगी मोटर का लोड बढ़ाने को लेकर अपने सगे भाईयों हरजिंदर सिंह तथा लखविंदर सिंह से पिछले लम्बे समय से विवाद चल रहा था। जिसको लेकर दोनों पक्षों में सहमति नहीं हो पा रही थी। इसको लेकर मंगलवार की रात तीनों भाईयों की अपनी जमीन में बहस हो गई। इसी दौरान हुए तकरार में जसबीर सिंह की मौत हो गई।

मृतक जसबीर सिंह की पत्नी सतबीर कौर ने थाना सुभानपुर की पुलिस को दिए अपने बयानों में बताया कि उसके पति का अपने भाईयों के साथ जमीन को लेकर लम्बे समय से विवाद चल रहा था, जिसको उसका पति मिल बैठ कर निपटाना चाहता था पर उसके पति के भाई उससे लड़ाई-झगड़ा करते थे तथा विवाद सुलझाने को तैयार नहीं थे। मृतक की पत्नी ने आरोप लगाया कि जसबीर सिंह के भाई हरजिंदर सिंह तथा लखविंदर सिंह तथा लखविंदर सिंह की पत्नी सुखविंदर कौर ने जबसीर सिंह को जबरदस्ती खेतों से अगवाकर लिया था तथा उसे एक नजदीकी घर ले गए थे, जहां पीट-पीटकर उसका कत्ल कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही एस.पी.डी. जगजीत सिंह सरोया, डी.एस.पी. भुलत्थ कमलजीत सिंह तथा एस.एच.ओ. सुभानपुर हरजीत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंची तथा मृतक जसबीर सिंह के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा। वहीं तीनों आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है। बताया जाता है कि मृतक के दोनों बेटे अमेरिका में रहते हैं।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here

अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

 

News Editor

Kalash