फाजिल्का सैक्टर से बीएसएफ ने पकड़ी 46 करोड़ रुपए की हेरोइन

punjabkesari.in Wednesday, Mar 13, 2019 - 10:19 PM (IST)

फाजिल्का(लीलाधर,नागपाल): सीमा सुरक्षा बल व पंजाब पुलिस की स्पैशल टास्क फोर्स के  जवानों ने आज प्रात: संयुक्त ऑप्रेशन कर फाजिल्का सैक्टर में 9.3 किलोग्राम हैरोइन पकडऩे में सफलता प्राप्त की है। यह हैरोइन सीमा निरीक्षण चौकी जी.जी. सैकेंड के क्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय सीमा के निकट से कांटेदार तार के पार बरामद हुई है। 

सीमा सुरक्षा बल की 96वीं बटालियन गांव रामपुरा के मुख्यालय में जानकारी देते हुए सीसुब के अबोहर रेंज के डी.आई.जी. टी.आर. मीणा तथा एस.टी.एफ. के ए.आई.जी. संदीप कुमार ने बताया कि  उच्चाधिकारियों को गुप्त सूचना मिलने पर सीमा सुरक्षा बल की 96वीं बटालियन के जवानों ने बटालियन कमांडैंट नरेश कुमार के नेतृत्व में दो दिन तक गहन सर्च अभियान चलाया तथा आज प्रात: हैरोइन के 10 पैकेट बरामद किए। हैरोइन के यह 10 पैकेट जो पीले रंग की टेप से लिपटे हुए थे, में 9.3 किलोग्राम हैरोइन थी।


अधिकारिक सूत्रों ने बताया कि यह हैरोइन एक किसान सूरत सिंह के खेत में गेहूं की फसल के खेत में छिपाकर रखी हुई थी जो सर्च अभियान के दौरान बरामद हुई। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। सूत्रों ने बताया कि यह हैरोइन संभवत: 2-3 दिन पूर्व पाकिस्तान की ओर से भारतीय क्षेत्र में भेजी गई हो सकती है। उल्लेखनीय है कि कुछ समय पूर्व भी निकटवर्ती किसान साधू सिंह के खेत से भी सीमा सुरक्षा बल ने 4 पैकेट हैरोइन बरामद की थी। 

Vaneet