आपत्तिजनक तस्वीरों के विवाद में घिरे निहंग जसदीप सिंह, बुड्ढा दल ने दी धार्मिक सजा

punjabkesari.in Sunday, Jul 19, 2026 - 02:41 PM (IST)

अमृतसर : अश्लील तस्वीरों से जुड़े विवाद के बाद निहंग जसदीप सिंह के खिलाफ बुड्ढा दल की ओर से धार्मिक अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई के दौरान उन्हें संगल (जंजीरों) से बांधा गया और पारंपरिक धार्मिक दंड दिया गया। इस पूरी कार्रवाई के वीडियो और तस्वीरें बुड्ढा दल के दोआबा जोन के जत्थेदार मान सिंह ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा की हैं।

जत्थेदार मान सिंह ने वीडियो में कहा कि अश्लील तस्वीरें सामने आने के बाद जसदीप सिंह को पहले भी धार्मिक सजा सुनाई गई थी, लेकिन वह बीच में ही वहां से चले गए थे। उनका यह भी कहना है कि अब तक बुड्ढा दल की ओर से उन्हें किसी प्रकार की आधिकारिक माफी नहीं दी गई थी, जबकि जसदीप सिंह पहले एक इंटरव्यू में माफी मिलने का दावा कर चुके थे।

बुड्ढा दल के अनुसार, अनुशासनात्मक कार्रवाई के बाद अगले आदेश तक जसदीप सिंह निहंग बाणा धारण नहीं कर सकेंगे। वहीं, जसदीप सिंह ने भी अपनी गलती स्वीकार करते हुए कहा कि वह भविष्य में पंथ के आदेशों का पालन करेंगे और बिना अनुमति कहीं नहीं जाएंगे।

यह विवाद उस समय शुरू हुआ जब निहंग विक्की थॉमस ने सोशल मीडिया पर कुछ आपत्तिजनक तस्वीरें और एक वीडियो साझा किया जिनमें उनके अनुसार निहंग जसदीप सिंह एक अन्य निहंग के साथ आपत्तिजनक स्थिति में नजर आ रहे हैं। विक्की थॉमस का दावा है कि ये तस्वीरें जसदीप सिंह की हैं। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि ये तस्वीरें कब और किन परिस्थितियों में ली गई थीं।

वीडियो में उन्होंने दावा किया कि तस्वीरों में दिखाई देने वाले व्यक्ति जसदीप सिंह हैं। बाद में एक वीडियो कॉल का अंश भी साझा किया गया, जिसमें जसदीप सिंह ने कथित तौर पर तस्वीरों को अपना बताते हुए कहा कि उस समय वह नशे की हालत में थे।

इसके बाद यह मामला धार्मिक और सामाजिक स्तर पर चर्चा का विषय बन गया। वहीं, कुछ अन्य निहंग नेताओं ने निजी तस्वीरों को सार्वजनिक करने के तरीके पर भी सवाल उठाए। फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर विभिन्न पक्षों की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Urmila

Related News