सरपंची चुनावों को लेकर पूर्व सरपंच पर चलाई गोलियां, 12 पर केस दर्ज

punjabkesari.in Friday, Dec 06, 2019 - 01:22 PM (IST)

तरनतारन(रमन) : सरपंची चुनाव को लेकर मौजूदा सरपंच ने पूर्व सरपंच पर जान से मारने की नीयत से गोलियां चलाईं। थाना सराय अमानत खां की पुलिस ने जख्मी बयान पर मामला दर्ज कर लिया है। इस घटना के बाद गांव में भय का माहौल है।

सिविल अस्पताल तरनतारन में भर्ती जख्मी सुरजीत सिंह पूर्व सरपंच है व गांव मियापुर में प्राइवेट क्लीनिक भी चलाता है। उसने बताया कि गत दिवस वह अपनी कार से घर करीब 7.30 बजे जा रहा था तो पीछा करते हुए मौजूदा सरपंच अमृतपाल सिंह और उसके पिता सतनाम सिंह सहित 8-10 लोगों ने अपनी कार से उसे रोका और दातरों से हमला कर दिया। इसके बाद 12 बोर राइफल से गोलियां चलाने लगे, जिनमें एक गोली उसके पैर पर लगी और गंभीर जख्मी हो गया। वहीं सूचना मिलते ही एस.एस.पी. ध्रुव दहिया और एस.एस.ओ. मौके पर पहुंचे और वारदात का जायजा लिया।
 
वहीं सुरजीत सिंह ने बताया कि उसे रात कसेल के सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया गया था, फिर सिविल अस्पताल में रैफर कर दिया गया। वहीं सुरजीत सिंह के रिश्तेदार गुरप्रीत सिंह सरपंच गांव खेहरा व इंद्रजीत सिंह ने बताया कि उन्होंने एस.एस.पी. से इंसाफ की मांग की है। उधर, जांच अधिकारी सब इंस्पैक्टर दविंदर कुमार ने बताया कि सुरजीत सिंह के बयानों पर अमृतपाल सिंह और सतनाम सिंह निवासी मियापुर के अलावा 10 अज्ञात लोगों पर मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

सिविल अस्पताल में नहीं मिली व्हील चेयर 
सिविल अस्पताल की एमरजैंसी में पहुंचे सुरजीत सिंह को किसी मुलाजिम ने व्हील चेयर नहीं दी, जिस कारण उसके घरवालों और साथियों ने उसे मुश्किल से जख्मी हालत में एमरजैंसी वार्ड में दाखिल करवाया। सुरजीत सिंह ने बताया कि वह पहले ही दर्द से तड़प रहा है ऊपर से व्हील चेयर न मिलने के कारण लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा। इस संबंध एस.एम.ओ. इंद्र मोहन गुप्ता ने बताया कि वह इस मामले की जांच करेंगे।

Vaneet