मंत्रालय पर बोझ हैं नवजोत सिंह सिद्धू: मलिक

punjabkesari.in Tuesday, Jan 29, 2019 - 07:56 PM (IST)

अमृतसर: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद श्वेत मलिक ने मंगलवार को नवजोत सिंह सिद्धू को अपने मंत्रालय पर बोझ करार देते हुए कहा कि वह मुफ्त का वेतन ले रहे हैं।  

मलिक ने अपने निवास स्थान पर ‘चाय पर चर्चा’ कार्यक्रम के दौरान शहर के प्रमुख भाजपा पदाधिकारियों के साथ आगामी 2019 के लोकसभा चुनाव में नरेन्द्र मोदी को एक बार फिर से देश का प्रधानमंत्री बनाने का संकल्प लिया। उन्होंने उपस्थित प्रमुख पदाधिकरियों से बातचीत में प्रसन्नता जाहिर की कि आज भाजपा प्रदेश में एकजुट है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकत्र्ताओं की पार्टी है और हमेशा कार्यकत्र्ता पूरी शक्ति के साथ ही चुनाव लड़ती हुई जीत सुनिश्चित करती आई है। इस बार भी पार्टी 2019 के लोकसभा चुनाव में पंजाब प्रदेश की सभी 13 सीटें जीत कर मोदी को एक बार फिर से सत्ता पर काबिज करेगी। भाजपा कार्यकत्र्ताओं के लिए सत्ता सेवा का माध्यम है। 

कांग्रेस ने जनता के साथ धोखा करके सत्ता हासिल की

सांसद ने पंजाब कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कैप्टन अमरेंद्र सिंह सहित उनके मंत्रियों द्वारा जनता के साथ धोखा करके सत्ता हासिल की गई है और पिछले करीब दो वर्ष में उनके एवं जनता द्वारा सरकार का रिपोर्ट-कार्ड मांगने के बाद मुख्यमंत्री, मंत्री एवं सांसद सभी गायब हो गए हैं। कांग्रेस झूठे चुनावी वादे करके भाग गई है लेकिन पंजाब में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में नशे में हुई बेतहाशा बढ़ोतरी को लेकर कैप्टन अमरेंद्र सिंह सरकार को जमकर फटकार लगाते हुए उनका रिपोर्ट कार्ड माननीय पंजाब-हरियाणा उच्च न्यायालय ने जनता के सामने पेश कर दिया गया है।  

 

मोदी सरकार ने जनता के लिए जारी की लाभकारी योजनाएं

मलिक ने कहा कि मोदी सरकार द्वारा जनता के हित में कई लाभकारी योजनाएं शुरू की गई हैं, लेकिन इन्हें प्रदेश सरकार द्वारा लोगों तक नहीं पहुंचाया जा रहा। अकाली-भाजपा सरकार के समय पंजाब में शुरू किए गए विकास प्रोजेक्टों को कैप्टन सरकार द्वारा बंद करवा दिया गया है। सडकों, सीवरेज, नए कर्मचारियों की भर्ती और सभी तरह के विकास कार्य बंद पड़े हैं और कैप्टन सरकार पंजाब के विकास के झूठे दावे करते नहीं थक रही। 

सिद्धू मंत्रालय पर बोझ

सिद्धू पर निशाना साधते हुए मलिक ने कहा कि वह अपने मंत्रालय पर बोझ बने हुए हैं। वह मंत्रालय में काम करने की बजाय पैसे कमाने के चक्कर में लाफ्टर शो तथा बिग बॉस जैसे कार्यक्रम में जाकर बैठ गए हैं। उन्होंने कहा सिद्धू के पाकिस्तान से संबंधों की जांच होनी चाहिए क्योंकि यह एक बहुत अहम सुरक्षा का विषय है। मलिक ने मोदी सरकार की ओर से पंजाब की जनता को दिए गए तोहफे गिनती करवाते हुए कहा कि पंजाब का विकास केंद्र की मोदी सरकार की बदौलत हुआ है। केंद्र ने गुरूद्वारों के लंगर को वस्तू एवं सेवा कर (जीएसटी) से मुक्त कर दिया है। 1984 में हुए भीषण सिख नरसंहार के दोषियों को सजा दिलवाने में मोदी सरकार की अहम भूमिका रही है। 
 

Vaneet