डेरा ब्यास से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी बस हादसे का शिकार, 6 घायल
punjabkesari.in Tuesday, Apr 28, 2026 - 02:18 PM (IST)
फाजिल्का(नागपाल): फाजिल्का-फिरोजपुर हाईवे पर गांव घुबाया के पास एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया, जहां डेरा ब्यास से लौट रही श्रद्धालुओं से भरी बस तूफान के कारण हादसे का शिकार हो गई।
बस में 40 श्रद्धालु थे सवार
जानकारी के मुताबिक, मौसम में अचानक बदलाव के चलते तेज हवाएं और आंधी चली, जिससे सड़क पर पेड़ गिर गया। इसी दौरान बस बेकाबू होकर पेड़ों से टकराती हुई सड़क किनारे पलट गई। बस में करीब 40 श्रद्धालु सवार थे, जो डेरा ब्यास से फाजिल्का लौट रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
बस का संतुलन बिगड़ने से हुआ हादसा
इस हादसे में करीब 6 लोग घायल हुए, जिन्हें तुरंत फाजिल्का के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। पुलिस कर्मचारी बलदेव राज ने बताया कि तेज तूफान और गिरे पेड़ की वजह से बस का संतुलन बिगड़ गया, जिससे यह हादसा हुआ। वहीं अस्पताल के एसएमओ डॉ. एरिक के अनुसार, घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया है और सभी की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। बाकी यात्रियों को दूसरी बस के जरिए सुरक्षित फाजिल्का भेज दिया गया।

