Punjab : कारोबारी को जान से मारने की धमकी! खौफ व डर के साये में परिवार
punjabkesari.in Sunday, Jun 21, 2026 - 10:47 AM (IST)
लुधियाना (राज): महानगर में कारोबारियों और रसूखदार लोगों को डरा-धमकाकर फिरौती मांगने वाले अपराधियों का जाल अब सात समंदर पार तक फैल चुका है। ऐसा ही एक बेहद गंभीर और सनसनीखेज मामला लुधियाना में सामने आया है, जहां एक कारोबारी को पिछले कई दिनों से विदेशी नंबरों से व्हाट्सएप पर कॉल करके जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं और मोटी रकम की मांग की जा रही है। थाना मॉडल टाउन की पुलिस ने हरशदीप सिंह की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जुड़े इस नेटवर्क की तकनीकी जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता हरशदीप सिंह उर्फ सैमी ओबरॉय की तरफ से पुलिस प्रशासन को एक लिखित शिकायत दी गई थी। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर इस शिकायत की गहनता से पड़ताल करने के बाद अब थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रंगदारी मांगने और धमकी देने की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पीड़ित हरशदीप सिंह उर्फ सैमी ओबरॉय ने अपनी शिकायत में चौंकाने वाले खुलासे करते हुए बताया कि पिछले करीब 10 से 15 दिनों से उनका जीना मुहाल हो चुका है। उनके निजी व्हाट्सएप नंबर पर लगातार दो अलग-अलग अंतरराष्ट्रीय नंबरों से धमकियों भरा सिलसिला चल रहा है।
पीड़ित के मुताबिक, उन्हें फोन नंबर +923039877824 (पाकिस्तान का कंट्री कोड) और +971529945814 (संयुक्त अरब अमीरात/दुबई का कंट्री कोड) से व्हाट्सएप पर कॉल और मैसेज आ रहे हैं। कॉल करने वाले अज्ञात आरोपी खुद को खतरनाक अपराधी बताते हुए पीड़ित को कड़े लहजे में डरा-धमका रहे हैं। आरोपियों ने पीड़ित को धमकी दी है कि अगर उसने उनकी मांग के मुताबिक फिरौती की रकम का भुगतान जल्द से जल्द नहीं किया, तो उसे और उसके परिवार को भारी नुकसान पहुंचाया जाएगा या मौत के घाट उतार दिया जाएगा। इस अंतरराष्ट्रीय धमकी के बाद से पीड़ित का पूरा परिवार गहरे खौफ और मानसिक तनाव के साये में जी रहा है।
मामले की गंभीरता और विदेशी नंबरों की संलिप्तता को देखते हुए लुधियाना पुलिस का साइबर सेल तुरंत हरकत में आ गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इन व्हाट्सएप नंबरों के आईपी एड्रेस और कॉल लोकेशन को ट्रेस करने के लिए तकनीकी एक्सपर्ट्स की मदद ली जा रही है। पुलिस इस बात की भी गहनता से जांच कर रही है कि इन विदेशी नंबरों के पीछे किसी स्थानीय (लोकल) गैंग या किसी अन्य भेदी का हाथ तो नहीं है, जिसने पीड़ित की पूरी जानकारी विदेश में बैठे अपराधियों तक पहुंचाई है। सुरक्षा के लिहाज से पीड़ित परिवार को एहतियात बरतने की सलाह दी गई है और पुलिस जल्द ही इस अंतरराष्ट्रीय फिरौती रैकेट का भंडाफोड़ करने का दावा कर रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

